Aligarh News: पुलिस का 'ऑपरेशन स्माइल' जारी, 8 महीने में 380 गुमशुदा बच्चे परिवारों से मिले
Aligarh News: अलीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन स्माइल के तहत 8 महीनों में 456 गुमशुदा बच्चों में से 380 को सुरक्षित बरामद कर परिवारों से मिलाया गया।
पुलिस का 'ऑपरेशन स्माइल' जारी, 8 महीने में 380 गुमशुदा बच्चे परिवारों से मिले (Photo- Social Media)
Aligarh News: जनपद में गुमशुदा बच्चों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिवारों से मिलाने के लिए अलीगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन स्माइल” लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अपराध ममता कुरील ने बताया। कि पिछले आठ महीनों में जिले में कुल 456 बच्चों की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। इसमें से अब तक 380 बच्चों को सफलतापूर्वक बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा जा चुका है।
ममता कुरील ने बताया। कि दर्ज 77 बालकों में से 65 और 379 बालिकाओं में से 315 को खोजकर परिवार को सौंपा गया है। शेष बच्चों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं। और हर मामले की गंभीरता से निगरानी की जा रही है। बच्चों की बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले भर में विशेष रणनीति पर काम किया जा रहा है।
संदिग्ध गतिविधियों पर है पुलिस की नजर
जिला स्तर पर थाना-वार विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, मेले और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित गश्त कर रही हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। और लापता बच्चों के सुराग जुटाने के लिए तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है। कि भीड़भाड़ वाले स्थानों से बच्चों के भटकने या बहकावे में आने की आशंका अधिक होती है।
डीसीआरबी के माध्यम से “वात्सल्य पोर्टल” सहित राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पोर्टलों पर रोजाना आंकड़े अपडेट किए जा रहे हैं। इससे विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बन रहा है। और बच्चों की त्वरित बरामदगी संभव हो पा रही है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट भी मानव तस्करी और बाल श्रम के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है। हाल ही में रेलवे स्टेशन के आसपास से कई बच्चों को रेस्क्यू कर काउंसलिंग और पुनर्वास से जोड़ा गया है।
बच्चों को सुरक्षित स्थान और आपातकालीन संपर्क नंबर याद कराएं
अलीगढ़ पुलिस अधीक्षक ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को भीड़ वाले स्थानों पर अकेला न छोड़ें। बच्चों को सुरक्षित स्थान और आपातकालीन संपर्क नंबर याद कराएं। यदि कोई संदिग्ध स्थिति दिखाई दे या बच्चा गुम हो जाए तो तुरंत नजदीकी थाने या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से बच्चों को सुरक्षित वापस लाना आसान हो जाता है।
अलीगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है। कि गुमशुदा बच्चों के मामलों में लापरवाही नहीं बरती जाएगी। बरामदगी न होने तक लगातार प्रयास जारी रहेंगे।