Aligarh News: अलीगढ़ में ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन, सपा प्रवक्ता पर मुकदमा दर्ज करने की मांग

Aligarh News: अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में ब्राह्मण समाज ने सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

Update:2026-05-15 18:28 IST

Aligarh News

Aligarh News: जनपद के खैर, टप्पल-जट्टारी क्षेत्र में गुरुवार शाम ब्राह्मण समाज के लोगों ने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए थाना टप्पल में ज्ञापन सौंपा। जानकारी के अनुसार, यह ज्ञापन जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के नाम संबोधित था, जिसे थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार को सौंपा गया।

श्री भगवान परशुराम ब्राह्मण महासभा, टप्पल के बैनर तले पहुंचे समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि राजकुमार भाटी ने एक सार्वजनिक मंच से ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी की है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस बयान से पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में भारी नाराजगी है। महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि संबंधित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप लगाया गया कि वीडियो में ब्राह्मण समाज को लेकर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे समाज में आक्रोश फैल गया।

प्रदर्शन के दौरान मौजूद लोगों ने प्रशासन से मांग की कि समाज में वैमनस्य फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले बयान देने के मामले में राजकुमार भाटी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।इस दौरान ब्राह्मण समाज के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, थाना पुलिस ने ज्ञापन लेकर मामले में जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।


Tags:    

Similar News