Aligarh News: CM Dashboard में रिपोर्ट कार्ड: राजस्व में 30वें, ऑल ओवर 32वीं रैंक!
Aligarh News: अलीगढ़ का CM Dashboard रिपोर्ट कार्ड सामने आया। जिले ने राजस्व में 30वीं और ऑलओवर प्रदर्शन में 32वीं रैंक हासिल की।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: जुलाई माह की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में अलीगढ़ जिले का प्रदर्शन सामने आने के बाद प्रशासन ने योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। राजस्व कार्यों में अलीगढ़ को प्रदेश में 30वां, विकास कार्यों में 42वां और ऑल ओवर 32वां स्थान मिला है। मंगलवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागवार योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया।
बैठक में डीएम अविनाश कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने पर जोर दिया। समीक्षा में प्रधानमंत्री कुसुम योजना, मत्स्य संपदा योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना में लक्ष्य पूरा न होने की स्थिति सामने आई। वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना में 730 के लक्ष्य की प्राप्ति और पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी गई। डीएम ने बीबीजी रामजी योजना के तहत पात्र श्रमिकों को जल्द कार्य आवंटित करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों का स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा एम्बुलेंस की फिटनेस और सत्यापन चार्ट समेत अन्य व्यवस्थाओं की रिपोर्ट संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से प्रस्तुत करने को कहा गया। निराश्रित गोवंश और पीएम पोषण योजना में सत्यापन कार्य पूरा पाया गया।
कृषि और औद्यानिक विभाग की योजनाओं को लेकर डीएम ने प्रत्येक विकासखंड में पोस्टर-बैनर लगाकर व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसान योजनाओं का लाभ उठा सकें। निर्वाचन एवं मतदान के मद्देनजर जिले के पात्र दिव्यांगजनों की सूची अपडेट करने के निर्देश दिए गए। छात्रवृत्ति योजना में चेकलिस्ट के साथ नोडल अधिकारी नामित कर सत्यापन कराने को कहा गया। सामूहिक विवाह योजना में भी पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बांट-माप, मंडी, औषधि, नगर विकास तथा भूतत्व एवं खनिकर्म विभागों की प्रगति संतोषजनक पाई गई। वहीं स्टाम्प एवं आबकारी विभाग की खराब प्रगति पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि सभी विभाग लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करें।