Aligarh News: फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 100वां संस्करण आयोजित, युवाओं ने दिया फिटनेस का संदेश

Aligarh News: जलाली के शेखूपुर में युवाओं और ग्रामीणों ने साइकिल रैली निकालकर फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

Update:2026-11-29 16:35 IST

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 100वां संस्करण आयोजित, युवाओं ने दिया फिटनेस का संदेश (Photo- Newstrack)

Aligarh News: स्वस्थ भारत और नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ रविवार को अलीगढ़ के जलाली क्षेत्र स्थित पंडित गंगाप्रसाद भारद्वाज इंटर कॉलेज, शेखूपुर में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 100वें ऐतिहासिक संस्करण का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान साइकिल रैली निकालकर युवाओं और ग्रामीणों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवा स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिला युवा अधिकारी कार्यालय (मेरा युवा भारत) की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम देशभर के 600 स्थानों पर एक साथ आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा रहा। दिसंबर 2024 में शुरू हुई फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल पहल अब जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। इसके 100 संस्करणों के दौरान देशभर में 35 हजार से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 40 लाख से अधिक लोग भाग ले चुके हैं। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और फिट भारत के विजन को साकार करना है।

कार्यक्रम में डायरेक्टर श्रेष्ठ भारद्वाज ने युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नियमित रूप से व्यायाम करने तथा अपनी दिनचर्या में साइकिलिंग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक होना चाहिए और प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा शारीरिक गतिविधियों के लिए निकालना चाहिए।

इस बार फिट इंडिया अभियान का 100वां संस्करण ओलंपिक के मूल सिद्धांतों उत्कृष्टता, सम्मान और मित्रता को समर्पित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने, एक-दूसरे का सम्मान करने और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। साथ ही कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन की तैयारियों के साथ भारत को भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए तैयार करने का संकल्प भी दोहराया गया। इस अवसर पर 'सीडब्ल्यूजी की तैयारी है, पर अब ओलंपिक्स की बारी है' का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया।

 

जिला युवा अधिकारी सोनाली नेगी ने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित' विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशीली वस्तुओं के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित शारीरिक गतिविधियां अपनाने, फिट इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने और स्वयं नशामुक्त रहने की शपथ ली। इस दौरान प्रधानाचार्य प्रशांत कुमार शर्मा, उप प्रधानाचार्य शाकिब खान, अनुशासन अधिकारी नरेंद्र कुमार शर्मा, कार्यक्रम संयोजक दिगंबर सिंह, महेंद्र सिंह, उमेश सिंह, प्रशांत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, राजकुमार बघेल, पंकज कश्यप, कन्हैया लाल शर्मा, रजनीश कुमार राना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News