Aligarh News: पत्नी की मौत के अगले दिन फोटो बनवाने गए सोनू को कार ने मारी टक्कर, हालत गंभीर

Aligarh News: पत्नी की मौत के अगले दिन फोटो बनवाकर लौट रहे सोनू की बाइक को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल सोनू को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

Update:2026-11-29 17:15 IST

Aligarh News: खैर अलीगढ़-पलवल रोड पर कचन फार्म हाउस के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ बाइक पर बैठा चाचा का लड़का शनि बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैर पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।


घायल की पहचान सोनू पुत्र राजपाल सिंह निवासी गांव सुजानपुर, खैर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोनू अपनी बाइक से चाचा के लड़के शनि के साथ खैर आया था। वह अपनी दिवंगत पत्नी पूजा का फोटो बनवाने के लिए खैर आया हुआ था। बताया गया कि उसकी पत्नी पूजा की एक दिन पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पत्नी की मौत से सोनू और उसका परिवार पहले ही गहरे सदमे में था।

रविवार को फोटो बनवाने के बाद सोनू अपने गांव सुजानपुर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह अलीगढ़-पलवल रोड स्थित कचन फार्म हाउस के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद शनि बाल-बाल बच गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल सोनू के कान और मुंह से खून निकल रहा था। उसकी गंभीर हालत देखकर तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस कर्मियों ने उसे खैर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

एक तरफ पत्नी पूजा की बीमारी के चलते हुई मौत का गम और दूसरी तरफ सड़क हादसे में सोनू के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए।

Tags:    

Similar News