Aligarh News: पुलिस के 'ऑपरेशन स्माइल' ने लौटाई परिवारों की खुशी, 15 घंटे में मिलीं 4 बेटियां
Sonbhadra News: अतरौली थाना पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल के तहत 15 घंटे में चार नाबालिग बेटियों को वृंदावन से सकुशल बरामद कर परिवारों की खुशियां लौटाईं।
पुलिस के 'ऑपरेशन स्माइल' ने लौटाई परिवारों की खुशी, 15 घंटे में मिलीं 4 बेटियां (Photo- Newstrack)
Aligarh News: अतरौली थाना पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी का परिचय देते हुए “ऑपरेशन स्माइल” अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। घर से बिना बताए गायब हुईं चार नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने महज 15 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटियों के सुरक्षित वापस लौटने से परिवारों में खुशी का माहौल है। और परिजनों ने अलीगढ़ पुलिस की जमकर सराहना की।
जानकारी के अनुसार 20 जून 2026 की रात करीब 8 बजे डायल-112 के माध्यम से थाना अतरौली पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम अहमदपुरा से चार नाबालिग लड़कियां, जिनकी उम्र करीब 12 से 14 वर्ष के बीच है, दोपहर करीब 1:30 बजे घर से खेलने के लिए निकली थीं और फिर वापस नहीं लौटीं। चारों लड़कियां कक्षा 7, 8, 9 और 10 की छात्राएं बताई गईं।
पुलिस ने ऐसे दिया ऑपरेशन स्माइल को अंजाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल गांव पहुंचकर परिजनों, ग्रामीणों, सहपाठियों और शिक्षकों से जानकारी जुटाई। इसके बाद लड़कियों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। मामले में थाना अतरौली पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अलीगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन स्माइल” अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी अतरौली के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अतरौली के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने युद्ध स्तर पर तलाश शुरू की। डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर लगाया गया।
पुलिस ने सर्विलांस, क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग देहात और तकनीकी टीम की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की। इसके साथ ही अलीगढ़, दिल्ली, मथुरा और वृंदावन क्षेत्र में करीब 150 किलोमीटर के दायरे में 110 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, टैक्सी स्टैंड, होटल, सराय और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस टीमों ने तलाश अभियान चलाया। चारों बच्चियों के फोटो आसपास के जनपदों और सीमावर्ती क्षेत्रों के पुलिस ग्रुपों में साझा कर तलाश तेज की गई।
अलीगढ़ पुलिस की लगातार मेहनत और टीमों के सामूहिक प्रयास से आखिरकार चारों लड़कियों को जनपद मथुरा के वृंदावन क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि लड़कियां खुद ही वृंदावन चली गई थीं। इनमें से एक लड़की पहले भी वृंदावन जा चुकी थी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया अपहरण जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार
बच्चियों के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। गांव में भी खुशी का माहौल देखने को मिला। अलीगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इस पूरे अभियान में थाना अतरौली के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सहित उपनिरीक्षक अजय पंवार, गौरव चौधरी, सुनील कुमार, पुलिसकर्मी कप्तान सिंह, तरुण चौधरी, देवेंद्र कुमार, महिला कांस्टेबल हिमानी के साथ क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग देहात, आईसीसीसी टीम और डॉग स्क्वायड टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।