Aligarh News: चाची बनी पत्नी, फिर प्रॉपर्टी के लिए रचा खेल! मौत से पहले युवक का वीडियो आया सामने

अलीगढ़ में प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। युवक की मौत से पहले उसका वीडियो वायरल हुआ, जिसमें गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस जांच में जुटी है।

Update:2026-05-23 12:54 IST

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद के टप्पल थाना क्षेत्र के नगला खुर्द गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि, जिस महिला ने पहले अपने ही भतीजे के साथ पत्नी की तरह रहना शुरू किया था, उसी ने अब मकान और संपत्ति के लालच में युवक की हत्या की साजिश रच दी। जानकारी के अनुसार मृतक राजीव सिंह गांव में अपने घर पर रह रहा था। आरोप है कि, उसके चाचा की मृत्यु के बाद चाची गीता अपने शादीशुदा बेटों और बहुओं के साथ राजीव के घर में रहने लगी थी। परिजनों का कहना है कि बाद में दोनों के बीच पति-पत्नी जैसे संबंध बन गए और वह उसी घर में रहने लगी। इसी दौरान मकान और संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया था।

परिजनों के मुताबिक, संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी को लेकर राजीव सिंह को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब मौत से पहले का एक कथित वीडियो सामने आया। वीडियो में राजीव सिंह खुद अपने साथ मारपीट होने और ज़हर दिए जाने की बात करता दिखाई दे रहा है।

वहीं इस वीडियो के वायरल होने के बाद पूरे गांव में चर्चा तेज हो गई और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक के भाई ज्ञानेंद्र ने आरोप लगाया कि राजीव को योजनाबद्ध तरीके से परेशान किया गया और उसके साथ मारपीट की गई। वहीं मृतक की भाभी पूजा ने भी आरोप लगाया कि परिवार के लोग काफी समय से विवाद से परेशान थे। मृतक के पिता और पूर्व सेना हवलदार देशराज ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

परिजनों का आरोप है कि, घटना के बाद आरोपी महिला अपने बेटों और बहुओं के साथ घर छोड़कर फरार हो गई। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मौत के कई घंटे बाद तक भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिससे परिवार में भारी नाराजगी है। गुस्साए परिजनों ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में तनाव जैसी स्थिति बन गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

Tags:    

Similar News