Amethi News: अमेठी में धर्म परिवर्तन के आरोप में 10 गिरफ्तार, कई राज्यों तक फैले नेटवर्क का खुलासा
Amethi News: अमेठी के कमरौली में धर्म परिवर्तन के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से चार पुस्तकें बरामद की हैं। मामले में अंतरराज्यीय नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है।
Amethi News
Amethi News: जिले के कमरौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर अनुसूचित जाति के लोगों को आर्थिक मदद, चिकित्सा और शिक्षा संबंधी सुविधाएं दिलाने का प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का आरोप है। पुलिस ने मौके से धर्म परिवर्तन से संबंधित चार पुस्तकें भी बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह तमिलनाडु, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में सक्रिय है।पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने सोमवार को बताया कि कमरौली थाना पुलिस चेकिंग के दौरान उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत वांछित अभियुक्त राजकुमार के घर पहुंची। वहां 20 से 25 लोग मौजूद मिले। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर 10 लोगों ने अपनी पहचान बताई।
गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार (परिवर्तित नाम जुएल) पुत्र अयोध्या प्रसाद निवासी सिंदुरवा रोड, थाना कमरौली, जनपद अमेठी; श्रीनिवासन डेनियल पुत्र केशवानंद निवासी 703 रॉयल रेजिडेंसी, कल्याण, महाराष्ट्र; रॉयल रॉडिक्स पुत्र माइकल रॉडिक्स निवासी आनंद उपवन बिल्डिंग नंबर-02, अंबरनाथ, मुंबई; महिपाल सिंह बिंद (परिवर्तित नाम विलियम) पुत्र हरिचरण सिंह निवासी काशीपुर, ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड; प्रकाश राव पुत्र रामनारायण निवासी सुदरा रोड, जनकिया खुर्द, ओडिशा; कन्हैया बिंद (परिवर्तित नाम सैमसन) पुत्र कालीचरण निवासी परवा इस्लाम, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़; सूर्यकला (परिवर्तित नाम मार्था) पत्नी राजकुमार निवासी सिंदुरवा रोड, थाना कमरौली, जनपद अमेठी; दिव्या डेनियल पुत्री श्रीनिवासन निवासी 703 रॉयल रेजिडेंसी, कल्याण, कोलसेवाड़ी, ठाणे शहर, महाराष्ट्र; रीता रॉडिक्स पत्नी रॉयल रॉडिक्स निवासी आनंद उपवन बिल्डिंग नंबर-02, अंबरनाथ, ठाणे, महाराष्ट्र और एलविना विलियम्स पत्नी महिपाल सिंह बिंद निवासी काशीपुर, ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाशी के दौरान धर्म परिवर्तन से संबंधित चार पुस्तकें बरामद हुईं।पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे सभी मिलकर ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करते हैं। रिवाइवल चर्च के माध्यम से लोगों को आर्थिक सहायता, चिकित्सा और शिक्षा संबंधी सुविधाएं दिलाने का भरोसा देकर उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी इससे पहले भी राजकुमार के माध्यम से कुछ लोगों का धर्म परिवर्तन करा चुके हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।पुलिस का दावा है कि आरोपी देश के विभिन्न राज्यों में भ्रमण कर अपने धर्म का प्रचार-प्रसार करते हैं। मुख्य रूप से तमिलनाडु, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में उनकी सक्रियता बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अब तक करीब 200 से अधिक लोगों का धर्म परिवर्तन करा चुके हैं।
22 नवंबर को दर्ज हुआ था मुकदमा
आपको बता दें कि 22 नवंबर को कमरौली थाने में वादी अर्दनी पांडेय पुत्र स्वर्गीय शिवधर पांडेय निवासी दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी कोठी, पालपुर, थाना जगदीशपुर, जनपद अमेठी ने लिखित तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त अनुसूचित जाति की महिलाओं और पुरुषों को प्रलोभन देकर सामूहिक रूप से हिंदू धर्म से ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।तहरीर के आधार पर कमरौली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 193/26 के तहत उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने बताया कि कमरौली थाना पुलिस ने प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से धर्म परिवर्तन से संबंधित चार पुस्तकें बरामद हुई हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।