Amethi News: पांच केंद्रों पर बीएड प्रवेश परीक्षा, कड़ी सुरक्षा के बीच 2008 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम
Amethi News: 31 मई को पांच केंद्रों पर होगी बीएड प्रवेश परीक्षा, सीसीटीवी निगरानी और कड़ी सुरक्षा के बीच 2008 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा।
Amethi News (Social Media) (1).jpg
Amethi News: उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 के लिए अमेठी में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 31 मई को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर 2008 अभ्यर्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, सघन चेकिंग, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ पुलिस बल भी मुस्तैद रहेगा।
उत्तर प्रदेश बी0एड0 संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को नकल विहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चौहान ने शुक्रवार को बैठक कर जायजा लाया। जिलाधिकारी अमेठी संजय चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों पर मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं साफ-सफाई की विशेष निगरानी रखी जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
पांच परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 31 मई 2026 को उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा पांच केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सोनारी कला, राजकीय इंटर कॉलेज टीकर माफी, इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज गौरीगंज, श्री रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज तथा श्री रणवीर इंटर कॉलेज अमेठी को शामिल किया गया है।परीक्षा में कुल 2008 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें प्रथम पाली प्रातः 09:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 02:00 बजे से 05:00 बजे तक आयोजित होगी।
संगीनों के साए में होगी परीक्षा
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कहा कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, अवांछनीय गतिविधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाएगी।
यातायात की पर्याप्त व्यवस्था
साथ ही यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। जिससे परीक्षार्थियों को समय से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाए।