Amethi News: अमेठी मामले पर ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला, सपा में दलित-पिछड़ों के अपमान का आरोप

Amethi News: अमेठी में सपा विधायक के आवास पर हुए विवाद को लेकर ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने सपा में दलित और पिछड़े वर्ग के साथ भेदभाव के आरोप लगाए।

Update:2026-05-28 15:17 IST

Amethi News(Photo-Social Media)

Amethi News: समाजवादी पार्टी के अमेठी विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर सपा कार्यकर्ताओं द्वारा गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर सुभासपा प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा बयान दिया है।

ओपी राजभर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि सपा में गैर यादव पिछड़ों और दलितों की स्थिति केवल झंडा ढोने और दरी बिछाने तक सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्मान, सुरक्षा और सत्ता में प्राथमिकता केवल एक विशेष वर्ग को दी जाती है। उन्होंने अमेठी में हुई घटना का उल्लेख करते हुए लिखा कि सपा विधायक महाराजी प्रजापति के घर पर हुए हमले में उनकी ही पार्टी के लोग शामिल हैं, जो खुलेआम गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक के बेटे ने भी कैमरे पर आरोपियों के नाम लेकर पूरी घटना की पुष्टि की है।

राजभर ने आगे कहा कि अखिलेश यादव इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं, जैसे वे धृतराष्ट्र की तरह आंखें मूंदे बैठे हों। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी में जातिगत आधार पर भेदभाव किया जाता है और गैर यादव समाज को लगातार अपमान झेलना पड़ता है। ओपी राजभर ने यह भी कहा कि “पीडीए” केवल चुनावी नारा है, जबकि वास्तविकता में पार्टी में अन्य पिछड़े वर्गों और दलितों के साथ भेदभाव किया जाता है। उन्होंने 2012 से 2017 के बीच की घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि लोग उस दौर को भूले नहीं हैं।

मामले का पृष्ठभूमि

गौरतलब है कि मंगलवार को सपा विधायक महाराजी प्रजापति के बेटे अनुराग प्रजापति ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि आवास विकास कॉलोनी स्थित उनके आवास पर दर्जनों लोग पहुंचे और मारपीट की। आरोप है कि उनकी मां को गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद बताई जा रही है। अनुराग प्रजापति ने पुलिस के साथ-साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव से भी मामले में हस्तक्षेप कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बुधवार को नामजद आरोपियों में से पांच के खिलाफ कार्रवाई की है और मामले की जांच जारी है।

Tags:    

Similar News