Amethi News: अमेठी में पुलिस मुठभेड़ के बाद चार शातिर गिरफ्तार, बोलेरो से करते थे घरों में चोरी
Amethi News: अमेठी में पुलिस ने फायरिंग के बाद चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। यह गिरोह बोलेरो की नंबर प्लेट बदलकर स्कूलों और बंद मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
Amethi News
Amethi News: अमेठी में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दबिश के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी का गैस सिलेंडर, चूल्हा और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद हुए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह बोलेरो की नंबर प्लेट बदलकर स्कूलों और बंद मकानों को निशाना बनाता था।
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. ने सोमवार को बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रविवार को थाना गौरीगंज पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रघुपुर गांव के पास बोलेरो वाहन सवार कुछ लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर थाना गौरीगंज पुलिस द्वारा दबिश दी गई तो अभियुक्तों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर किया। फिलहाल पुलिस ने घेराबंदी कर बोलेरो के पास से चार अभियुक्तों को दबोच लिया। इनमें नितिन उर्फ दन्ना पासी पुत्र रामनरेश, निवासी पूरे पासी मजरे जंगल रामनगर थाना व जनपद अमेठी; परमानंद यादव पुत्र चंद्रिका प्रसाद यादव, निवासी ग्राम मिश्रौली थाना गौरीगंज जनपद अमेठी; राज यादव पुत्र श्यामलाल यादव, निवासी ग्राम पचेहरी थाना गौरीगंज जनपद अमेठी; तथा सलमान पुत्र राशिद, निवासी वार्ड नंबर 19, तेजी का पुरवा थाना गौरीगंज जनपद अमेठी शामिल हैं।
अवैध तमंचा बरामद
तलाशी के दौरान अभियुक्त नितिन उर्फ दन्ना पासी के कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस (.315 बोर), अभियुक्त परमानंद यादव के कब्जे से एक प्लास, अभियुक्त सलमान के पास से एक प्लास्टिक की टॉर्च और एक पेचकश, तथा बोलेरो से एक लोहे का सब्बल बरामद हुआ।
नंबर प्लेट बदलकर वारदात को देते थे अंजाम
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि पकड़े जाने के डर से वे बोलेरो की नंबर प्लेट बदलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इन्हीं औजारों से वे घरों के ताले और दीवार काटकर चोरी करते थे।पुलिस ने बताया कि आरोपी प्राथमिक विद्यालय मिश्रौली में चोरी करने जा रहे थे। इससे पहले उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय राजापुर कौहार से एक लैपटॉप, एक गैस सिलेंडर, एक गैस चूल्हा, एक गैस पाइप और एक बंडल पाइप चोरी किया था, जिसे उन्होंने मिश्रौली मोड़ के पास एक खाली पड़े मकान में छिपा दिया था। लैपटॉप को तोड़-फोड़कर फेंक दिया गया था।
चोरी का सामान बरामद
अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी किया गया अन्य सामान—एक गैस सिलेंडर, एक गैस चूल्हा, एक गैस पाइप और एक बंडल पाइप—बरामद किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना गौरीगंज पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं। नितिन उर्फ दन्ना पासी एक अंतरजनपदीय अपराधी है, जिसके विरुद्ध रायबरेली और अमेठी जनपदों में मारपीट, हत्या के प्रयास आदि के कुल पांच मामले दर्ज हैं। परमानंद यादव के विरुद्ध मारपीट, चोरी, आबकारी अधिनियम और गुंडा एक्ट सहित कुल आठ मामले दर्ज हैं। सलमान के विरुद्ध चार मामले तथा राज यादव के विरुद्ध एक मामला दर्ज है।