प्रदेश को बदहाल बर्बाद करने वाले दलों को सबक सिखाएगी जनता: अजय कुमार लल्लू

अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि सपा टूट रही है।

Newstrack :  Network
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-06-12 15:26 GMT

कांग्रेस मुख्यालय पर अनिल यादव को पार्टी की सदस्यता दिलाते प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी टूट रही है, वहीं सत्ताधारी भाजपा पूरी तरह बिखर रही है, बारी-बारी से जनता को भ्रमित कर सत्ता में आने वाले सपा व भाजपा जैसे दलों के भ्रष्टाचार, अपराध, घोटालेबाजी के कारण ऊब चुकी है, संकट के विपरीत काल में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में जनता के मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है वहीं सेवा सत्याग्रह के माध्यम से कोरोना जैसी महामारी की विभीषिका में उसके कार्यकर्ता जरूरतमंदों की मदद करने में लगे हैं। समाजवादी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल यादव द्वारा अपने समर्थकों सहित आज प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व व कांग्रेस की विचारधारा में आस्था व्यक्त कर सदस्यता ग्रहण के मौके पर उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी और प्रदेश को बर्बादी, बदहाली, बेरोजगारी, बढ़ते अपराध व भ्रष्टाचार से बचाकर उसके गौरव को पुनः स्थापित करेगी।

अजय कुमार लल्लू ने सपा व भाजपा पर बरसते हुए कहा कि पिछले तीन दशकों से इन्होंने बारी-बारी से जनादेश का अपमान किया है और प्रदेश को बदहाल बनाने, बेरोजगारों से धोखा करने, नौकरियों में घोटाले करने व भर्तियों को लटकाए रखने व अपराधियों को खुलकर संरक्षण देकर प्रदेश की भरपूर उपेक्षा की है, कांग्रेस अपनी मजबूत विचारधारा व जनसरोकारों के बूते प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में जनादेश प्राप्त करने में सफल रहेगी व प्रदेश के गौरव को पुनः स्थापित कर बदहाल व्यवस्था को पटरी पर लाकर महंगाई, बेरोजगारी, अपराध, भ्रष्टाचार और किसानों को उत्पीड़न से मुक्त वातावरण में विकास के मार्ग पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के जनविरोधी शासन काल में हत्या, सामूहिक बलात्कार, महिला उत्पीड़न, लूट, बेरोजगरी, महंगाई के विरुद्ध प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में चट्टान की तरह अडिग होकर कांग्रेस संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि इसलिये लोग कांग्रेस की तरफ आशा भरी नजरों से देख रहे हैं। जनता सत्ता में रहकर प्रदेश को बदहाल बर्बाद करने वाले दलों को सबक सिखाने का मन बना चुकी है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना संकट की महामारी में भाजपा सरकार ने जनता की सेवा करने के स्थान पर सरकारी कोष का दुरुपयोग अपनी छवि चमकाने में किया, अपनों की मौत पर सिसकते, बिलखते परिवारों को उनके हाल पर छोड़ने के साथ मरीजों केे इलाज की उचित व्यवस्था तक नहीं कर सकी, वहीं इलाज न दे पाने वाली भाजपा की योगी सरकार ने संक्रमण से चिरनिद्रा में लीन मृतकों का अंतिम संस्कार भी सम्मानजनक धार्मिक रीति—रिवाजों से कराने का मौका नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं व जनादेश का अपमान कर लोकतंत्र का गला घोंटने वाले दलों से तंग जनता कांग्रेस पर निश्चित रूप से भरोसा कर जनादेश देकर विकास का मार्ग तैयार करेगी।

विधान परिषद में कांग्रेस के नेता सदन दीपक सिंह ने अनिल यादव व उनके समर्थकों का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार जनता की भावनाओं से खिलवाड़ कर उसे महंगाई, बेरोजगारी के मकड़जाल में फंसाकर सड़क पर छोड़ देने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा व सरकार आइस-पाइस खेल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की क्रूरता से कांग्रेसजन डरते नहीं है, हमारा संघर्ष जनता के लिये है।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता व पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल यादव ने प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व व कांग्रेस में आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में संकट के समय कांग्रेस ही एकमात्र दल है जो सड़कों पर संघर्ष कर रही है, देश व प्रदेश को कांग्रेस की जरूरत है, वही प्रदेश को तबाही, बर्बादी के दलदल से निकाल सकती है। उन्होंने अपने अनेक समर्थकों सहित कांग्रेस में विश्वास व्यक्त कर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के हाथों सदस्य्ता ग्रहण की। इसके अतिरिक्त फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी आदि जनपदों के ग्राम प्रधान, बीडीसी भी बड़ी संख्या में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जिनमें प्रमुख रूप से विपिन चौधरी, अनुपम राय, सतीश कैसाला, जयवीर यादव, धीरज यादव, सतीश बसोया, जितेंद्र भाटी, दीपक कुमार, सुभाष यादव, वशिष्ठ मिश्र, हरगोविंद यादव, विनोद यादव, जगदीश राजपूत, कमल लोधी, लालजी एडवोकेट, सिराजुल, डाॅ. दिनेश यादव, श्याम रतन, रामेन्द्र, धीरेन्द्र सिंह, धान सिंह, मुजीमुदीन आदि थे।

Tags:    

Similar News