Auraiya News: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में तेजी लाने के निर्देश, लंबित आवेदनों पर DM सख्त
Auraiya News: औरैया में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में उद्योग, रोजगार और श्रम विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की प्रगति, लंबित आवेदनों के निस्तारण और युवाओं तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
Auraiya News: औरैया में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु तथा उद्योग, रोजगार एवं श्रम विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी संचालन और अधिकाधिक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उद्योग विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी बैंक अधिकारियों एवं उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक संख्या में आवेदन पत्र संबंधित बैंकों को भेजे जाएं, ताकि निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जा सके। उन्होंने बैंकों से एक माह से अधिक समय से लंबित आवेदनों तथा एक माह के भीतर प्राप्त हुए आवेदनों का बैंकवार विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी मित्रों को निर्देशित किया कि वे पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया से लेकर ऋण वितरण तक हर स्तर पर सहयोग प्रदान करें तथा समन्वय स्थापित कर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि ऋण प्राप्त कर चुके लाभार्थियों का सत्यापन कराया जाए और योजना से जुड़ने के बाद उनके जीवन एवं रोजगार की स्थिति में आए सकारात्मक परिवर्तनों का विस्तृत विवरण तैयार किया जाए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए गए कि आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक जैसे तकनीकी संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित कर युवाओं को योजना की जानकारी दी जाए और उनसे आवेदन कराए जाएं। साथ ही तहसील एवं विकासखंड स्तर पर भी शिविर लगाकर आमजन को योजना की विस्तृत जानकारी देने तथा आवेदन प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए फ्लेक्सी, पंपलेट एवं अन्य प्रचार सामग्री का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।
यूपीसीडा के स्थानीय कार्यालय में अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपीसीडा को पत्र भेजने के लिए उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया। वहीं जीबीसी-5 की समीक्षा के दौरान संबंधित विभागों को उद्यमी मित्रों से संपर्क स्थापित कर एमओयू कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग, जिला अग्रणी बैंक के महाप्रबंधक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी रीमा सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता आरईएस, उद्योग बंधु तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए समन्वित प्रयासों पर विशेष बल दिया गया।