Auraiya News: सड़क सुरक्षा पखवाड़े में जागरूकता बस को दिखाई हरी झंडी, नियमों के पालन की अपील

Auraiya News: औरैया मेडिकल कॉलेज में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश वीर सिंह ने जागरूकता बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Update:2026-11-27 15:26 IST

Auraiya News

Auraiya News: औरैया में पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) मुकेश वीर सिंह ने सड़क सुरक्षा का संदेश देने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों के साथ मेडिकल छात्रों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश वीर सिंह ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान का मूल सिद्धांत है कि रोकथाम इलाज से बेहतर है। यही सिद्धांत सड़क दुर्घटनाओं पर भी लागू होता है। अस्पताल के इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर में प्रतिदिन सड़क हादसों के गंभीर परिणाम देखने को मिलते हैं। इनमें कई मामले ऐसे होते हैं, जिनमें थोड़ी सी सावधानी और यातायात नियमों का पालन करके लोगों की जान बचाई जा सकती है।उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हमेशा मानक हेलमेट पहनकर वाहन चलाने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है, इसलिए इससे बचना चाहिए। इसके साथ ही सड़क पर एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए उसे तत्काल रास्ता देने की अपील की।

प्रधानाचार्य ने मेडिकल छात्रों से विशेष रूप से कहा कि वे आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने गोल्डन आवर के महत्व और गुड सेमेरिटन कानून की जानकारी समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर मदद मिल सके और उनकी जान बचाई जा सके।इस अवसर पर डॉ. संजीव दवे, डॉ. राहुल शुक्ला, डॉ. आदित्य पांडे, डॉ. राकेश तिवारी सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर और मेडिकल छात्र मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने यातायात नियमों का स्वयं पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।

Tags:    

Similar News