Auraiya News: पीडीए आरक्षण को लेकर सपा का भाजपा पर हमला, भर्तियों में गड़बड़ी के लगाए आरोप

Auraiya News: औरैया में समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर पीडीए आरक्षण को कमजोर करने और विभिन्न सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं का आरोप लगाया। सपा नेताओं ने निष्पक्ष जांच और आरक्षण नियमों के पालन की मांग की।

Update:2026-05-29 16:18 IST

Auraiya News: औरैया में समाजवादी पार्टी ने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) आरक्षण के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को ककोर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था को कमजोर कर रही है, जिससे पिछड़े, दलित और वंचित वर्ग के युवाओं को सरकारी नौकरियों में उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को समान अवसर और अधिकार दिलाने के लिए आरक्षण व्यवस्था लागू की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार धीरे-धीरे इस व्यवस्था को कमजोर करने का कार्य कर रही है, जिसका सीधा असर आरक्षित वर्ग के युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है।सपा नेताओं ने दावा किया कि सरकारी नौकरियों में आरक्षित वर्ग के पदों को निर्धारित नियमों के अनुसार नहीं भरा जा रहा है।उनका कहना था कि पिछले दस वर्षों के दौरान कई भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताएं सामने आई हैं, जिससे हजारों युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं।प्रेस वार्ता में सपा नेताओं ने विभिन्न भर्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती में 7,933 आरक्षित पद प्रभावित हुए।

इसके अलावा एडेड जूनियर हाईस्कूल मास्टर और हेडमास्टर भर्ती में 547 पद, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती में 232 पद तथा कनिष्ठ सहायक और लिपिक भर्ती में 300 पदों पर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया।सपा नेताओं के अनुसार कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती में 434 और 588 पदों पर भी गड़बड़ियां हुईं, जबकि लेखपाल भर्ती में 960 आरक्षित पद प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि यदि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बरती जाती और संविधान के अनुरूप आरक्षण व्यवस्था लागू की जाती, तो हजारों युवाओं को रोजगार मिल सकता था।सपा ने सरकार से भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरक्षण नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर प्रदीप यादव, रेखा वर्मा, पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता, रश्मि यादव, अनवर यादव, रानू पालीवाल और राजकुमार दोहरे सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News