Ayodhya News: गौमाता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिए जाने के समर्थन में मुस्लिम समाज ने सौंपा ज्ञापन
Ayodhya News: अयोध्या में गौमाता जनजागरण यात्रा के दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का मुस्लिम समाज ने स्वागत कर गौमाता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग का समर्थन किया।
Ayodhya News
Ayodhya News: गोरक्षा अभियान एवं जनजागरण के तहत आज अयोध्या पहुंचे पूज्य शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का मुस्लिम समाज के लोगों ने स्वागत किया। जुबेर गंज पशु बाजार के मालिक एवं सपा नेता हाजी फिरोज खान गब्बर के नेतृत्व में शंकराचार्य को एक ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया: "जनपद का मुस्लिम समाज आपके अयोध्या आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करता है। हम गौ-रक्षा, भारतीय संस्कृति, करुणा और सामाजिक सद्भाव के प्रति आपके द्वारा चलाए जा रहे अभियान का सम्मान करते हैं।इस अवसर पर हम अपना समर्थन व्यक्त करते हुए निवेदन करते हैं कि गौमाता के संरक्षण, संवर्धन एवं सम्मान के लिए आपके द्वारा चलाए जा रहे जनजागरण अभियान को हमारा नैतिक समर्थन प्राप्त है।हम भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार से आग्रह करते हैं कि गौवंश के संरक्षण के लिए प्रभावी एवं व्यावहारिक कदम उठाए जाएं तथा गौमाता को 'राष्ट्र माता' का दर्जा दिए जाने की आपकी मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाए।"
सांसद के आवास पर हुआ पादुका पूजन, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी पर शंकराचार्य ने उठाए सवालशंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती अपनी गौमाता जनजागरण यात्रा के क्रम में शुक्रवार को मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। यात्रा के दौरान अमानीगंज, मिल्कीपुर बाजार तथा विभिन्न चौराहों पर श्रद्धालुओं, गौभक्तों, सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।दोपहर करीब एक बजे शंकराचार्य सांसद अवधेश प्रसाद के पांच नंबर स्थित आवास पहुंचे, जहां आयोजित पादुका पूजन कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गौमाता को पशु की श्रेणी से हटाकर "माता" का संवैधानिक दर्जा दिए जाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि सरकार स्वयं को गौभक्त और हिंदू हितैषी बताती है तो उसे गाय को "माता" घोषित करने का साहस भी दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर वे देशभर में जनजागरण अभियान चला रहे हैं।अपने संबोधन में शंकराचार्य ने "दीमकों की कहानी" का उल्लेख करते हुए वर्तमान व्यवस्था पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दीमकों में कुछ ही दीमक पूरे समूह का संचालन करते हैं और अधिकांश केवल अपना पेट भरने में लगे रहते हैं, उसी प्रकार आज की व्यवस्था भी दीमकग्रस्त हो चुकी है। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति या सरकार का नाम नहीं लिया।
शंकराचार्य ने राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि कोष में चोरी होने के बावजूद जिम्मेदारी तय नहीं की गई और गिरफ्तार किए गए लोगों को केवल "बलि का बकरा" बनाया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि एसआईटी की रिपोर्ट सार्वजनिक हो चुकी है, लेकिन चंपत राय के इस्तीफे को लेकर केवल प्रचार किया गया, जबकि वास्तविक इस्तीफा नहीं हुआ।इस अवसर पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गौ सेवा एवं जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाने के लिए लवलेश पांडे और अखिलेश पांडे को मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र का अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया।