Baghpat News: बागपत में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत करने उतरे डीएम, स्कूल से गांव तक चलेगा मतदाता अभियान
Baghpat News: बागपत में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत डीएम दिव्यांशु पटेल ने मतदाता जागरूकता और पंजीकरण अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
Baghpat News
Baghpat News: लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने से आती है। इसी सोच के साथ जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने बागपत में मतदाता जागरूकता और पंजीकरण को व्यापक जनअभियान का रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है। अब स्कूल-कॉलेजों से लेकर गांवों, कस्बों, औद्योगिक इकाइयों और आवासीय सोसाइटियों तक मतदाता बनने का संदेश पहुंचाया जाएगा। अभियान का विशेष फोकस पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और उन महिलाओं पर रहेगा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है।
विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसके लिए विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। इसमें स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने और पात्र युवाओं के फॉर्म-6 भरवाने पर जोर दिया गया।
स्कूल-कॉलेज बनेंगे लोकतंत्र की पाठशाला
जिले में कक्षा नौ और उससे ऊपर की कक्षाओं वाले शिक्षण संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) गठित कराए जाएंगे। पहले से गठित क्लबों को सक्रिय किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक में शनिवार और रविवार को तीन-तीन विद्यालयों में मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। खासतौर पर 18 से 19 वर्ष की आयु के युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। ब्लॉकवार नोडल अधिकारी भी इस अभियान की निगरानी करेंगे।महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा, एएनएम और एनआरएलएम की समूह सखियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये कार्यकर्ता घर-घर जाकर ऐसी पात्र महिलाओं को चिह्नित करेंगी, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उनका फॉर्म-6 भरवाने के साथ ही पंजीकरण की स्थिति का सत्यापन भी कराया जाएगा।
व्यापारी से श्रमिक तक अभियान से जुड़ेंगे
डीएम की कार्ययोजना में औद्योगिक संस्थानों, व्यापारिक संगठनों, अधिवक्ता संघों, चिकित्सक संगठनों, श्रमिक संघों और आरडब्ल्यूए को भी शामिल किया गया है। औद्योगिक परिसरों, न्यायालयों, अस्पतालों और आवासीय सोसाइटियों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। ग्राम प्रधानों, पार्षदों और समाजसेवियों की मदद से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा, नवंबर में लगेंगे विशेष शिविर
पात्र नागरिक voters.eci.gov.in पोर्टल और ECINET ऐप के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी होने पर बूथ पर ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं।डीएम दिव्यांशु पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रत्येक पात्र नागरिक का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। इससे स्पष्ट है कि बागपत में इस बार मतदाता जागरूकता मुहिम को प्रशासनिक कार्यक्रम से आगे बढ़ाकर जनभागीदारी का अभियान बनाने की तैयारी है।
डीएम ने वीडियो जारी कर की अपील
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने वीडियो संदेश जारी कर जनपदवासियों से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता बनना जरूरी है। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। साथ ही, जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें।डीएम ने युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।