बागपत में फौजी को गोली मारने का मामला: पीड़ित परिवार को मिली पुलिस सुरक्षा, मुख्य आरोपी फरार
Baghpat News: दीपावली की रात राष्ट्रपति भवन में तैनात सैनिक सौरभ पर हुए हमले के बाद परिवार ने जताई जान का खतरा; सीओ बड़ौत ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी।
Baghpat News
Baghpat News: बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खडाना गांव में दीपावली की रात राष्ट्रपति भवन में सैनिक के रूप में तैनात सौरभ को गोली मारने के मामले में पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई है। परिजनों का कहना है कि उन्हें अभी भी जान का खतरा बना हुआ है। उनकी मांग है कि पुलिस मुख्य आरोपी धीरज समेत सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। परिजनों ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने घर के सामने आकर तीन राउंड फायरिंग की और लाठी-डंडों से हमला किया था। इस दौरान सौरभ के सिर में गोली लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि उसका भाई विनीत भी घायल हो गया।
गंभीर हालत में सौरभ को मेरठ के मिमेन्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसका उपचार जारी है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग की है। परिजनों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ उन्हें भी इंसाफ चाहिए। इस पूरे मामले में सौरभ की मां सुदेश और घायल भाई विनीत से बातचीत की गई, जिसमें उन्होंने घटना की पूरी आपबीती बताते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।वही पुलिस क्षेत्राधिकारी बड़ौत अंशु जैन का कहना है कि जल्द ही इस इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।