Baghpat News: जमीन की रंजिश में दिनदहाड़े हत्या, बागपत में ग्राम प्रधान के भाई पर हमला

Baghpat News: हलालपुर गांव में खेत से गन्ने की बुग्गी निकालते समय संजीव खोखर पर हमला हुआ। चचेरे भाइयों पर आरोप, गांव में तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

By :  Paras Jain
Update:2026-11-13 21:39 IST

जमीन की रंजिश में दिनदहाड़े हत्या, बागपत में ग्राम प्रधान के भाई पर हमला (Photo- Newstrack)

Baghpat News: छपरौली थाना क्षेत्र के हलालपुर गांव में शुक्रवार को जमीन की पुरानी रंजिश को लेकर दिनदहाड़े हत्या की वारदात सामने आई। खेत से गन्ने की बुग्गी निकाल रहे ग्राम प्रधान के भाई 50 वर्षीय संजीव खोखर की हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के पीछे चचेरे भाइयों के साथ लंबे समय से चली आ रही जमीन की रंजिश बताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गांव में दहशत फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेत से गन्ने की बुग्गी निकालते समय हमला

जानकारी के अनुसार, हलालपुर गांव निवासी संजीव खोखर पुत्र योगराज शुक्रवार को अपने खेत से गन्ने की बुग्गी निकाल रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में संजीव की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हत्या के पीछे उनके चचेरे भाइयों के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हत्या की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने भी घटना को लेकर नाराजगी जताई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

सूचना मिलते ही छपरौली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के आला अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, हत्या के आरोपियों में मृतक के चाचा, जो दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त हैं, और उनका बेटा शामिल हैं, जो वर्तमान में यूपी पुलिस में कार्यरत है।

गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

तीन भाइयों में मंझला था संजीव, परिवार में मचा कोहराम

संजीव तीन भाइयों में मंझले थे। उनके बड़े भाई प्रमोद गांव के ग्राम प्रधान हैं, जबकि सबसे छोटे भाई राजीव सेवानिवृत्त फौजी हैं। संजीव का एक बेटा है। उनकी मौत के बाद मां संतोष देवी, पत्नी रीना और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Tags:    

Similar News