Baghpat News: सैनिक सौरभ को गोली मारने के मामले में दो आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम घोषित
Baghpat News: बागपत में राष्ट्रपति भवन में तैनात सैनिक सौरभ को गोली मारने के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
Baghpat News
Baghpat News: राष्ट्रपति भवन में तैनात सैनिक सौरभ को दीपावली की रात गोली मारने के मामले में टीवी चैनलों पर खबर प्रसारित होने के बाद बागपत पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने मामले में नामजद दो आरोपियों धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इनाम घोषित होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
मामला थाना रमाला क्षेत्र के गांव गोपालपुर खड़ाना का है। जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर 2026 की रात आपसी कहासुनी को लेकर गांव के ही धीरज और मोनू का विपिन तथा उसके भाई सौरभ से विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान धीरज ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली दीवार से टकराकर वापस लौटी और सौरभ के सिर में जा लगी। वहीं मारपीट में उसका भाई विपिन भी घायल हो गया।घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज और बाद में मिमेन्स हॉस्पिटल रेफर किया गया। चिकित्सकों ने ऑपरेशन के दौरान उसके सिर से गोली निकाल दी। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग उठाई थी। मामला टीवी चैनलों पर प्रमुखता से प्रसारित होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी। पुलिस अधीक्षक ने 11 नवंबर को दोनों नामजद आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन भी किया गया है।अपर पुलिस अधीक्षक ने जारी बयान में बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।