Baghpat News: बोल बम के नारों से गूंजा बागपत, गंगाजल से हुआ जलाभिषेक, पुरामहादेव में दिखी भक्ति बेमिसाल

Baghpat News: मंदिर मार्ग पर लाल-केसरिया वस्त्रों में लिपटे कांवड़िए पूरे जोश और श्रद्धा के साथ जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

By :  Paras Jain
Update:2025-07-23 07:15 IST

Baghpat News

Baghpat News: बागपत जिले के ऐतिहासिक सिद्धपीठ पुरामहादेव मंदिर में शिव भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। भोर से ही मंदिर परिसर "बोल बम" और "हर हर महादेव" के नारों से गूंज उठा है। विजुअल में देखा जा सकता है कि शिवलिंग पर श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र और पुष्प चढ़ाकर जलाभिषेक कर रहे हैं। दूर-दूर तक "हर हर महादेव" की गूंज के बीच लंबी-लंबी कतारों में खड़े भोले के भक्त अपनी बारी का इंतजार करते नजर आते हैं। मंदिर मार्ग पर लाल-केसरिया वस्त्रों में लिपटे कांवड़िए पूरे जोश और श्रद्धा के साथ जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पंजाब सहित कई राज्यों से आए कांवड़िए यहां जल चढ़ाने पहुंचे हैं। इस धार्मिक समागम ने पुरामहादेव मंदिर परिसर को भक्ति और आस्था के रंग में रंग दिया है। 

हरि की नगरी हरिद्वार से श्रद्धालु गंगाजल लाकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर रहे हैं। हिंडन नदी के किनारे बना परशुरामेश्वर पुरामहादेव मंदिर शिव भक्तो की अटूट आस्था का केंद्र है । मान्यता है कि इस स्थान पर भगवान परशुराम ने शिवलिंग स्थापित किया है, जिससे यह स्थल परशुरामेश्वर महादेव मंदिर के नाम से भी माना जाता है। प्रशासन ने भारी भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए हैं। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है, साथ ही जलाभिषेक के लिए लाइन में लगने की उचित व्यवस्था की गई है। शिव भक्तों का मानना है कि यहां शिवलिंग पर जल चढ़ाने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। श्रद्धालु आस्था और भक्ति में डूबे नजर आ रहे हैं, और पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया है। 

वहीं भीड़ प्रबंधन को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने CCTV कैमरों की मदद से निगरानी की व्यवस्था की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस तैनात की गई हैं, ताकि किसी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। साथ ही, यातायात व्यवस्था को नियंत्रण में रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया है। मंदिर समिति और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम लगातार निगरानी कर रही है, जिससे भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

Tags:    

Similar News