Bahraich News: प्रेम प्रसंग के चलते युवक की नृशंस हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार, 48 घंटे में खुलासा

Bahraich News: बहराइच में प्रेम प्रसंग में युवक की नृशंस हत्या, पुलिस ने 48 घंटे में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर किया खुलासा

Update:2025-10-23 17:09 IST

हराइच में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार  (photo: social media )  

Bahraich News: जनपद बहराइच की रानीपुर पुलिस, स्वॉट और सर्विलांस टीम ने प्रेम प्रसंग में की गई एक नृशंस हत्या का खुलासा करते हुए 48 घंटे के भीतर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल, मोबाइल के अवशेष और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

घटना का पूरा विवरण

21 अक्टूबर को रानीपुर क्षेत्र के ग्राम त्रिवेदीपुरवा निवासी रवि प्रताप सिंह ने सूचना दी कि उनके बेटे शुभम सिंह (22) की कुछ अज्ञात लोगों ने हत्या कर शव खेत में फेंक दिया है। सूचना पर थाना रानीपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बहराइच ने स्वॉट, सर्विलांस और थाना रानीपुर की संयुक्त टीम गठित कर घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की मदद से 22 अक्टूबर को तीन अभियुक्त — अजय वर्मा उर्फ ओमकार उर्फ दद्दन (18), उमेश वर्मा (21) और अजय कुमार कनौजिया (23) — को अव्वलपुर मकसूदपुर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने चौंकाने वाली साजिश का खुलासा किया।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

मुख्य आरोपी अजय वर्मा की बहन मैना वर्मा का मृतक शुभम सिंह से प्रेम संबंध था, जबकि मैना की शादी उमेश वर्मा से तय थी। शुभम इस विवाह का विरोध कर रहा था। इससे नाराज़ होकर मैना ने अपने भाई अजय वर्मा और मंगेतर उमेश के साथ मिलकर शुभम की हत्या की योजना बनाई।

20 अक्टूबर की दीपावली की शाम करीब 7 बजे तीनों ने शुभम को शराब पीने के बहाने खेत में बुलाया। वहां उसे नशे में धुत कर पत्थर और सरिये से वार कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद पकड़े जाने के डर से शुभम का मोबाइल ईंट से तोड़कर तालाब में फेंक दिया गया।

बरामदगी और गिरफ्तारी

अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने तालाब से शुभम के मोबाइल का क्षतिग्रस्त स्क्रीन गार्ड व बॉडी कवर, तथा झाड़ियों से खून से सना आलाकत्ल (सीमेंट, गिट्टी व सरिया लगा पत्थर) बरामद किया। एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और तीन एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किए गए।

23 अक्टूबर को पुलिस ने चौथी अभियुक्ता मैना वर्मा को गोबरहा गांव से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की कार्यवाही और सफलता

सभी अभियुक्तों को धारा 103(1), 238, 61(2) बी.एन.एस. के तहत गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय भेजा गया।

इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक बहराइच ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी पयागपुर राज सिंह व पूरी संयुक्त टीम की सराहना की, जिन्होंने महज़ दो दिनों में इस सनसनीखेज़ हत्या का पर्दाफाश कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया।

Tags:    

Similar News