बहराइच में 18 दिनों तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध, घर से निकलने से पहले जान लें नया ट्रैफिक प्लान
बहराइच में 24 नवंबर से 11 दिसंबर तक भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। शादी समारोह और सड़क चौड़ीकरण के चलते सुबह 8 से रात 1 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
विश्वजीत श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक बहराइच
Bahraich Traffic Advisory: शहर में शादी-विवाह समारोहों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत 24 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाले शादी समारोहों और सड़क चौड़ीकरण कार्य को देखते हुए लागू की गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार, 24, 25 और 30 नवंबर के अलावा 2, 3, 4, 9 और 11 दिसंबर को शहर में बड़ी संख्या में शादी समारोह प्रस्तावित हैं। वहीं, गोलवाघाट मोड़ से केडीसी तिराहा होते हुए झिंगहाघाट मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी चल रहा है। ऐसे में भारी वाहनों के शहर में प्रवेश से जाम और यातायात बाधित होने की आशंका है।
सुबह आठ से रात्रि एक बजे तक लागू रहेगी नो-एंट्री
यातायात व्यवस्था के तहत सुबह आठ बजे से रात्रि एक बजे तक भारी वाहनों का नगर क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।
भारी वाहनों के लिए निर्धारित किए गए वैकल्पिक मार्ग
गोलवाघाट मोड़ से शहर के अंदर होकर गोंडा और बलरामपुर मार्ग पर जाने वाले भारी वाहन रामगांव मोड़ से रिसिया मोड़ और आसाम रोड होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं, दोनक्का तिराहा से शहर के अंदर होकर लखनऊ और सीतापुर मार्ग पर जाने वाले भारी वाहन आसाम रोड से रिसिया मोड़ और रामगांव मोड़ होते हुए निर्धारित मार्ग से निकलेंगे।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस डायवर्जन व्यवस्था से छूट रहेगी। पुलिस अधीक्षक बहराइच की ओर से जारी इस यातायात प्लान का उद्देश्य शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाना और शादी समारोहों के दौरान आम लोगों को आवागमन में परेशानी से बचाना है।