Bahraich News: तेंदुए के शावकों को देखकर अनियंत्रित हुई बाइक, झाड़ियों में गिरे दंपति; दोनों घायल
Bahraich News: कतर्नियाघाट के बिछिया वन क्षेत्र में सड़क पार कर रहे तेंदुए के दो शावकों को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर झाड़ियों में गिरी, पति-पत्नी घायल।
तेंदुए के शावकों को देखकर अनियंत्रित हुई बाइक, झाड़ियों में गिरे दंपति; दोनों घायल (Photo- Newstrack)
Bahraich News: कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के बिछिया वन बैरियर और रेलवे फाटक संख्या 95-सी के बीच मंगलवार दोपहर सड़क पर अचानक तेंदुए के दो शावकों के आ जाने से बाइक सवार दंपति हादसे का शिकार हो गए। शावकों को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी। हादसे में बिशुनापुर निवासी जितेंद्र (30) पुत्र राम दुलारे और उनकी पत्नी रीमा (25) घायल हो गईं।
तेंदुए के शावक को देखकर दंपति की बाइक दुर्घटनाग्रस्त
जानकारी के अनुसार, दंपति बिछिया स्थित जनसेवा केंद्र से रुपये निकालने जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे रास्ते में अचानक एक तेंदुए का शावक सड़क पार कर गया। उसके कुछ ही पल बाद दूसरा शावक झाड़ियों से निकलकर बाइक के सामने आ गया। अचानक शावक के सामने आने से बाइक उससे टकरा गई और अनियंत्रित होकर झाड़ियों में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों घायलों को उठाकर मदद की। इसके बाद दंपति बिछिया पहुंचे, जहां उन्होंने अपना उपचार कराया। घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई।]
वन विभाग ने राहगीरों से की ये अपील
रेंजर आशीष गौड़ के निर्देश पर वन रक्षक संतोष ने घायलों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। वन विभाग ने इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों से सतर्कता बरतने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।