Bahraich: बहराइच में सेवार्थ फाउंडेशन ट्रस्ट ने मनाया संविधान दिवस, प्रस्तावना का पाठ कर लिया संकल्प

Bahraich News: बहराइच के गिरजापुरी में सेवार्थ फाउंडेशन ट्रस्ट ने संविधान दिवस मनाया। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर न्याय, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया गया।

Update:2026-11-26 13:12 IST

Bahraich News

Bahraich News: सेवार्थ फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में गुरुवार को गिरजापुरी स्थित कार्यालय में संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ से हुई। उपस्थित लोगों ने प्रस्तावना में निहित संकल्पों को दोहराते हुए संविधान के मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता जंग हिंदुस्तानी ने की। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है। डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के निर्माण में योगदान देने वाले लोगों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया था। संविधान की रक्षा का दायित्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का है।
चर्चा के दौरान वक्ताओं ने संविधान की प्रमुख विशेषताओं, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समानता, न्याय और बंधुत्व को लोकतंत्र की आधारशिला बताया। अधिकार आंदोलन के अध्यक्ष शंकर सिंह ने कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्य भी जुड़े हुए हैं। नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति सजग और कर्तव्यों के प्रति ईमानदार रहना चाहिए।महासचिव सूर्य देव ने संवैधानिक मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने पर जोर दिया। प्रधान प्रतिनिधि प्रीतम निषाद ने बंधुत्व और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करने की बात कही। सामाजिक कार्यकर्ता बच्चे लाल ने स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व से जुड़े डॉ. आंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
धुरपती देवी ने महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों और उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया, जबकि राम समुझ मौर्य ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में उल्लिखित 'हम भारत के लोग' का वाक्य लोकतंत्र में जनता की सर्वोच्चता का संदेश देता है।कार्यक्रम के अंत में संविधान की प्रस्तावना का पुनः सामूहिक पाठ किया गया। इसके साथ ही संविधान की रक्षा करने और संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर ट्रस्ट के पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags:    

Similar News