बलरामपुर में मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल दिवस का आयोजन, छात्र-छात्राओं में दिखा काफ़ी उत्साह
National Sports Day 2025: बलरामपुर में मेजर ध्यानचंद जयंती पर खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया
National Sports Day 2025
National Sports Day 2025: बलरामपुर जनपद मे हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों में शुक्रवार को खेल दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इसी क्रम में कृषक राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खरदौरी, श्रीदत्तगंज में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने से हुई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास चंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में हॉकी के जादूगर के रूप में जाने जाते हैं। उनके खेल कौशल ने भारतीय हॉकी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती को पूरे देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाना गर्व की बात है।
फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत विद्यालय में एक घंटा खेल के मैदान में कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए खेलों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विद्यालय में कबड्डी, खो-खो, दौड़ और वॉलीबॉल की प्रतियोगिताएं कराई गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने मैदान में खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया और खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय प्रांगण उत्साह और ऊर्जा से भरा नजर आया। बच्चों ने खेलों के माध्यम से फिट रहने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में सभी शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। उपस्थित शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित हुआ। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि खेल व शारीरिक गतिविधियों के जरिए फिट इंडिया के अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर टीकाराम महाविद्यालय में खेल महोत्सव का शुभारंभ
National Sports Day 2025: मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर शुक्रवार 29 अगस्त को टीकाराम यादव महाविद्यालय, मोंठ में राष्ट्रीय खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर तीन दिवसीय विशेष खेल महोत्सव का शुभारंभ किया गया, जिसका संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाइयों ने किया।कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र खरे ने किया।
उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, स्वास्थ्य, टीम भावना और एकता का प्रतीक हैं। खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी युवाओं को मजबूत बनाते हैं।उद्घाटन दिवस पर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महाविद्यालय प्रांगण उत्साह और प्रतिस्पर्धा से गूंज उठा। महोत्सव में कबड्डी, खो-खो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 31 अगस्त तक किया जाएगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. इंदल शास्त्री, डॉ. बृजेंद्र सिंह चौहान, डॉ. रचना सिंह, प्रशांत खरे, एनसीसी प्रभारी अजय कुमार निरंजन, तन्वी सिद्दीकी, नरेंद्र सिंह कुशवाहा, पुष्पेंद्र निरंजन समेत समस्त शिक्षक व कर्मचारीगण मौजूद रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम का संचालन एन.एस.एस. प्रभारी अंशुल सरावगी एवं नंदनी पवार ने किया।