Balrampur News: बलरामपुर में स्मैक तस्करी में तीन गिरफ्तार, एक लाख की ड्रग्स व नकदी बरामद

Balrampur News: बलरामपुर में स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार।

Update:2025-09-03 16:25 IST

Balrampur News

Balrampur News: बलरामपुर जनपद में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर की उपस्थिति में थाना कोतवाली देहात पुलिस और एसओजी टीम ने मंगलवार को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने तीन अभियुक्तों को दबिश देकर गिरफ्तार किया, जिनके पास से 22.5 ग्राम स्मैक पाउडर, एक अदद इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक मोबाइल फोन तथा 7070 रुपये नकद बरामद हुआ।बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली देहात मय पुलिस बल क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धुसाह स्थित एक मकान में स्मैक की बिक्री हेतु पुड़िया बनाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एसओजी टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की और मौके पर दबिश देकर तीनों अभियुक्तों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।पूरे मामले में 1. कुलदीप पाण्डेय पुत्र नेता जी पाण्डेय निवासी ग्राम धुसाह, 2. दद्दन उर्फ दद्दू पुत्र सिपाही पासवान निवासी विशुनापुर, और 3. संध्या पत्नी कुलदीप पाण्डेय निवासी ग्राम धुसाह। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली देहात पर मु0अ0सं0-324/2025 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त कुलदीप ने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी संध्या के साथ मिलकर स्मैक की पुड़िया बनाकर बेचता है और इसी से घर खर्च चलाता है। उसने बताया कि अभियुक्त दद्दन स्मैक की सप्लाई करता है और आज वह 10 ग्राम स्मैक 5300 रुपये में लाया था। दद्दन ने भी अपना अपराध कबूल किया और कहा कि वह सप्लायर के रूप में स्मैक लाकर छोटे व्यापारियों को बेचता है। वहीं, अभियुक्ता संध्या ने माना कि वह अपने पति के साथ मिलकर पुड़िया पैक करती है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुलदीप और दद्दन दोनों के खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

कुलदीप पर गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे चल चुके हैं, जबकि दद्दन पर एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि, महिला अभियुक्ता संध्या का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने कहा कि नशे के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद माननीय न्यायालय रवाना कर दिया गया।

Tags:    

Similar News