Banda News: वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत जागरूकता रैली, दिया ‘एक पौधा अवश्य लगाएं’ का संदेश
Banda News: बांदा में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। डीएम अमित असरी ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया और प्रत्येक नागरिक से एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की।
Banda News(Photo-Social Media)
Banda News: वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को बांदा में वन विभाग की ओर से अनूठी पहल करते हुए पौधों की बारात और भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अमित असरी ने महाराणा प्रताप चौक से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर कालू कुआं चौक तक पहुंची, जहां लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
रैली में मुख्य विकास अधिकारी अजय पांडेय, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) पंकज कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक सहित कृषि, शिक्षा, पंचायतीराज और अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। शहर के विभिन्न विद्यालयों के जूनियर और सीनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी इस अभियान में भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अमित असरी ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध हवा और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल अपने बच्चे की तरह करनी चाहिए। उन्होंने सभी से वृक्षारोपण महायज्ञ को जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी अजय पांडेय ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। वहीं डीएफओ पंकज कुमार शुक्ला ने बताया कि जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जाएगा और लोगों को इस अभियान से जोड़ने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रैली के दौरान जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। वन विभाग की इस अनूठी पहल को लोगों ने सराहा और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।