Banda News: कॉलेज परिसर में पेड़ों की कटाई पर छात्रों ने उठाई जांच की मांग

Banda News: जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में पेड़ों की कटाई के मामले पर छात्रों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। एक सप्ताह में जांच पूरी कर कार्रवाई और वृक्षारोपण की मांग की।।

By :  Anwar Raza
Update:2026-07-06 19:36 IST

कॉलेज परिसर में पेड़ों की कटाई पर छात्रों ने उठाई जांच की मांग (Photo- Newstrack)

Banda News: बांदा के जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय परिसर में पेड़ों की अवैध कटाई को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले को गंभीर बताते हुए छात्र नेताओं ने महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह के भीतर पूरे मामले की जांच पूरी करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से महाविद्यालय परिसर में शिक्षक और छात्रों की भागीदारी से वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कराने की भी मांग उठाई है।

छात्र नेता ने रुकवाई पेड़ों की कटाई, लकड़ियां गायब होने का आरोप

छात्र नेता कार्तिक आनंद ने बताया कि शनिवार चार जुलाई को छात्र नेता शिवा शुक्ला ने महाविद्यालय परिसर में पेड़ों की अवैध कटाई होते हुए देखी। इसके बाद उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर कटाई रुकवाई। छात्रों का आरोप है कि जिन पेड़ों की कटाई की गई, उनकी लकड़ियां, जो महाविद्यालय की संपत्ति थीं, उन्हें मौके से गायब कर दिया गया।

शिकायत लेकर पहुंचे छात्रों को करना पड़ा तीन घंटे इंतजार

मामले की शिकायत करने पहुंचे छात्रों को प्राचार्य से मिलने के लिए करीब तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य कार्यालय में मौजूद नहीं थे और कई बार फोन करने के बावजूद उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। काफी देर बाद प्राचार्य के महाविद्यालय पहुंचने पर छात्रों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए पूरे मामले पर विरोध दर्ज कराया।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

कार्तिक आनंद ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान कार्तिक आनंद, शिवा शुक्ला, नमन निगम, अमित जाटव, युवराज सिंह, अंशु ठाकुर सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News