Banda News: सीएम के संभावित दौरे की तैयारियां तेज, एडीजी ने सुरक्षा व्यवस्था परखी

Banda News: मुख्यमंत्री के संभावित वीवीआईपी दौरे से पहले बांदा में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। एडीजी प्रयागराज जोन ने पुलिस अधिकारियों के साथ तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

By :  Anwar Raza
Update:2026-07-05 19:54 IST

सीएम के संभावित दौरे की तैयारियां तेज, एडीजी ने सुरक्षा व्यवस्था परखी (Photo- Newstrack)

Banda News: बांदा में मुख्यमंत्री के संभावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कार्यक्रम से पहले सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने स्वयं पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूट धाम राजेश एस और पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के साथ तैयारियों का जायजा लिया।

पुलिस लाइन पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी प्लान की जांच

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले पुलिस लाइन का दौरा किया। यहां सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी प्लान, पुलिस बल की उपलब्धता और वाहन व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। यह सुनिश्चित किया गया कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों।



कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के हर पहलू की हुई जांच

इसके बाद अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा घेरा, एंट्री और एग्जिट गेट, वीवीआईपी मूवमेंट रूट, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, भीड़ नियंत्रण, फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी सेवाओं समेत सुरक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने हर व्यवस्था को परखते हुए जरूरी निर्देश भी दिए।

सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ज्योति नारायण ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में जरा सी भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी सतर्कता और निष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी निभाने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे, पार्किंग व्यवस्थित हो और आम जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हर बिंदु पर रहेगी चौबीसों घंटे निगरानी

अपर पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल के प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदु पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि पूरा कार्यक्रम सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

अंतिम चरण में पहुंचीं तैयारियां

मुख्यमंत्री के संभावित वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर बांदा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और पुलिस महकमा हर व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

Tags:    

Similar News