Barabanki: सपा विधायक फरीद महफूज किदवई और पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी आमने सामने, जानें पूरा मामला

Barabanki News: सपा विधायक फरीद महफूज किदवई ने कहा किपूर्व विधायक शरद अवस्थी को कमीशन नहीं मिल रहा, इसलिए वह नाराज हैं।

Report :  Sarfaraz Warsi
Update: 2024-08-07 05:58 GMT

Barabanki News (Pic: Social Media)

Barabanki News: बाराबंकी की रामनगर विधानसभा सीट से सपा विधायक फरीद महफूज किदवई और पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी आमने सामने आ गए हैं। दोनों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। हाल ही में सपा विधायक ने आरोप लगाया है कि भाजपा के पूर्व विधायक शरद अवस्थी को कमीशन नहीं मिल रहा, इसलिए वो नाराज हैं। वहीं, विधायक के आरोपों को पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने सिरे से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि डीएम ने ब्लॉक में फैले भ्रष्टाचार की जांच का आश्वासन दिया है। इसी से परेशान होकर विधायक अनाप शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।

दरअसल, पूरा विवाद रामनगर विधानसभा अंतर्गत आने वाले सिरौलीगौसपुर की ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा से जुड़ा है। बीते दिनों शरद अवस्थी के आवास पर यहां की बीडीसी और प्रधानों की बैठक हुई, जिसके बाद रेनू वर्मा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की चर्चा शुरू हुई। उसके बाद पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने सिरौलीगौसपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार पांडेय के साथ जाकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को एक शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। उसमें उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लॉक प्रमुख सिरौलीगौसपुर रेनू वर्मा और क्षेत्र पंचायत सदस्य हजरतपुर असीम श्रीवास्तव ने पेड़ कटवाकर ग्राम प्रधान अतुल वर्मा के जरिए उठवा लिया है। लेकिन इस मामले में निर्दोष चपरासी परमानंद को दोषी बनाकर उस पर मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया है। जबकि मुख्य आरोपी ब्लॉक प्रमुख और बीडीसी तथा प्रधान हैं। इनके विरुद्ध आपराधिक मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लॉक प्रमुख कमीशन के तौर पर अवैध वसूली कर रही हैं और अपने चहेतों से काम करवा रही हैं।

इसी का जवाब देते हुए विधायक फरीद महफूज किदवई ने कहा कि पूरी समाजवादी पार्टी सिरौलीगौसपुर ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा के साथ है। भाजपा के मंसूबे सफल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक शरद अवस्थी को कमीशन नहीं मिल रहा, इसलिए वह नाराज हैं। जबकि सपा ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा ने हमेशा जनहित के कार्यों को बढ- चढकर किये हैं। भाजपा के लोग मनगढ़ंत आरोप लगाकर अपनी ओछी राजनीति को प्रदर्शित करने का कार्य कर रहे हैं। विकास के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी असफल साबित हुई, भाजपा सरकार ने हमेशा विकास की अनदेखी की। 10 साल के अपने शासनकाल में भारतीय जनता पार्टी ने बाराबंकी जनपद में विकास का कोई भी कार्य नहीं किया, किसान, बेरोजगार भाजपा सरकार में रहते उत्पीड़न के शिकार हुए। वहीं विधायक के आरोपों को पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि डीएम ने ब्लॉक में फैले भ्रष्टाचार की जांच का आश्वासन दिया है। इसी से परेशान होकर विधायक अनाप शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News