Bareilly News: शादी वाले घर में पसरा मातम, खाली खेत में मिला 22 वर्षीय युवक का शव

Bareilly News: बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र के बादशाह नगर में 22 वर्षीय मिथुन मौर्य का शव खाली खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर में गोली लगी थी। हैरानी की बात यह है कि मौत से करीब 21 घंटे पहले उसने इंस्टाग्राम पर जलती चिता की स्टोरी पोस्ट की थी।

Update:2026-11-14 12:01 IST

Bareilly News

Bareilly News: सीबीगंज थाना क्षेत्र के बादशाह नगर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आबादी के पास एक खाली खेत में 22 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिला। युवक के सिर में गोली लगी हुई थी। मृतक की पहचान गांव निवासी भूपराम मौर्य के बड़े बेटे मिथुन मौर्य (22) के रूप में हुई है। शनिवार को ही उसके तहेरे भाई की शादी थी। घर में बारात जाने की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार में चीख-पुकार मच गई।

खाली खेत में पड़ा मिला युवक का शव

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह ग्रामीणों ने आबादी के पास स्थित एक खाली खेत में युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल पर मृतक की काली स्प्लेंडर बाइक भी खड़ी मिली। बाइक की टंकी पर लिखी इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

मौत से 21 घंटे पहले इंस्टाग्राम पर लगाई थी जलती चिता की स्टोरी

पुलिस ने संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट खंगाला तो मौत से करीब 21 घंटे पहले अपलोड की गई एक स्टोरी सामने आई। इसमें जलती हुई चिता का वीडियो था। इसके साथ लिखा था, 'ये मैं आखिरी हूं... मेरे बाद मैं नहीं मिलेगा।' इस पोस्ट के सामने आने के बाद युवक की मौत को लेकर मामला और उलझ गया है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट के पीछे की परिस्थितियों और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस और सीओ सेकेंड नितिन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्राइम सीन को सुरक्षित करते हुए घेराबंदी की। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच

पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर युवक की मौत की असली वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, परिवार के बड़े बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Tags:    

Similar News