Bareilly News: कोठरी की दीवार ढही, मलबे में दबकर युवक की मौत, परिवार बेहाल
Bareilly News: भमोरा के बाबू नगला गांव में पुरानी कोठरी गिराते समय दीवार सूरज के ऊपर गिर गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। हादसे से परिवार में मातम छाया।
कोठरी की दीवार ढही, मलबे में दबकर युवक की मौत, परिवार बेहाल (Photo- Newstrack)
Bareilly News: बरेली भमोरा थाना क्षेत्र के गांव बाबू नगला में शुक्रवार सुबह मकान की कच्ची कोठरी गिराते समय हुए हादसे में 30 वर्षीय युवक की जान चली गई। कोठरी की दीवार अचानक भरभराकर गृहस्वामी के ऊपर गिर गई। मलबे में दबकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए बरेली के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव निवासी सूरज शुक्रवार सुबह अपने घर के पीछे बनी पुरानी कच्ची कोठरी को गिराने में जुटे थे। वह कोठरी को तोड़ रहे थे, तभी दूसरी तरफ की दीवार अचानक कमजोर होकर ढह गई। दीवार का भारी मलबा और ईंटें सीधे उनके ऊपर आ गिरीं। इससे वह मलबे के नीचे दब गए। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूरज चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। परिवार में पत्नी प्रीति के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं। कम उम्र में परिवार के मुखिया की मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बेटे-बेटी को बिलखता देख परिजनों की आंखें भी नम हो गईं। मृतक की मां उर्मिला और पिता राजपाल बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। गांव के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।