Bareilly: गार्ड पर हमले का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में तौहीद के पैर में लगी गोली
Bareilly News: फरीदपुर में जियो मार्ट गार्ड पर हमले का आरोपी तौहीद मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल; तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद।
Bareilly News: फरीदपुर कस्बे में जियो मार्ट के सिक्योरिटी गार्ड पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और बाइक भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर की रात फरीदपुर कस्बे में जियो मार्ट के सिक्योरिटी गार्ड अजय कुमार ने मारपीट और हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर में बताया गया था कि रात करीब पौने 11 बजे उन्होंने पड़ोस में चाय की दुकान चलाने वाले मनोहर से कुर्सियां हटाने को कहा था। इसी बात को लेकर अमन अजमेरी, तौहीद और आमिर ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने स्टूल, ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार तड़के पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल एक आरोपी बाइक से फरीदपुर से शाहजहांपुर की ओर जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जियारत कट के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग करने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ापकड़े गए आरोपी की पहचान तौहीद पुत्र इरशाद निवासी मोहल्ला ऊंचा, फरीदपुर के रूप में हुई है। सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि मुठभेड़ के मामले में अलग से रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।