Bareilly Video: बच गए नन्हे मियां! आंधी में 50 फीट हवा में उड़े, 100 फीट दूर गिरकर भी सलामत रही जान

Bareilly Viral Video: बरेली में तेज आंधी के दौरान नन्हे मियां टिनशेड के साथ करीब 50 फीट हवा में उड़ गए और खेत में जा गिरे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, हादसे में उनका हाथ और पैर टूट गया।

Update:2026-05-14 18:46 IST

Bareilly Viral Video: उत्तर प्रदेश के Bareilly से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां तेज आंधी और तूफान के दौरान एक व्यक्ति हवा में कई फीट ऊपर उड़ गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे में घायल हुए नन्हे मियां ने बताया कि उन्हें लगा था कि अब वह जिंदा नहीं बचेंगे।

टिनशेड पकड़ते ही हवा में उड़ गए

नन्हे मियां बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के बमियाना गांव के रहने वाले हैं। वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में पत्नी, दो बेटियां और तीन बेटे हैं। नन्हे मियां ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4:30 बजे वह एक बारात घर से सामान लेने गए थे। उसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया। तेज आंधी और तूफान शुरू हो गया। हवा इतनी तेज चल रही थी कि बारात घर का टिनशेड उड़ने लगा। उन्होंने सोचा कि अगर टिनशेड को नहीं पकड़ा गया तो वह पूरी तरह उड़ जाएगा। इसलिए उन्होंने टिनशेड में बंधी रस्सी पकड़ ली। लेकिन कुछ ही सेकंड में तेज हवा ने टिनशेड को उखाड़ दिया और नन्हे मियां भी उसके साथ हवा में उड़ गए।

50 फीट ऊपर जाकर खेत में गिरे

नन्हे मियां के मुताबिक, वह करीब 50 फीट तक हवा में चले गए और फिर लगभग 100 फीट दूर एक खेत में जाकर गिरे। जमीन पर गिरते ही वह कुछ देर के लिए बेहोश हो गए। हादसे में उनके हाथ और पैर में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद नहीं पता चला कि किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो कब बना लिया। जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब लोगों को इस घटना की जानकारी मिली।

Full View

युवक ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया वीडियो

घटना का वीडियो गांव के ही रहने वाले रजान अंसारी ने बनाया था। रजान ने बताया कि वह अपने घर के पास खड़े होकर मौसम और तेज आंधी का वीडियो बना रहे थे। तभी उनकी नजर हवा में उड़ते नन्हे मियां पर पड़ी। उन्होंने तुरंत मोबाइल कैमरे में यह घटना रिकॉर्ड कर ली। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो देखकर लोग हैरान रह गए और नन्हे मियां के बच जाने को चमत्कार बता रहे हैं।

अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना के बाद गांव वालों ने घायल नन्हे मियां को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उन्हें देवचरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके हाथ और पैर में प्लास्टर किया। रात में हालत थोड़ी ठीक होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था, लेकिन गुरुवार को तबीयत बिगड़ने के बाद फिर से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

प्रशासन ने लिया हालचाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद आंवला की एसडीएम विदुषी सिंह भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने नन्हे मियां का हालचाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद नन्हे मियां की जान बच गई।

Tags:    

Similar News