Bareilly News: दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट, पति समेत चार पर मुकदमा

Bareilly News: दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट का मामला सामने आया। पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

Update:2026-05-06 17:40 IST

Bareilly News: जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर पांच लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति, सास, देवर और एक अन्य रिश्तेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता भगवती, निवासी ग्राम वलेही पहाड़पुर (थाना शाही), ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर असंतुष्ट रहने लगा और लगातार अतिरिक्त मांगें करता रहा। मायके पक्ष की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मांग पूरी नहीं हो सकी, जिसके बाद उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता के अनुसार, 3 मई 2026 को पति अरविन्द, सास जावित्री, देवर वीरेंद्र और चचिया ससुर शिवचरन ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इस घटना में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए।

घटना के बाद परिजन घायल महिला को थाने लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। मामले की जांच उपनिरीक्षक राजवीर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। इंस्पेक्टर मीरगंज संजय तोमर ने बताया है कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News