Bareilly News: बरेली में 10 हजार की रिश्वत लेते चकबंदी कानूनगो गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई

Bareilly News: बरेली में एंटी करप्शन टीम ने चकबंदी कानूनगो को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जमीन की पैमाइश के नाम पर किसान से घूस मांगी जा रही थी।

Update:2026-04-29 21:49 IST

Bareilly News

Bareilly News: उत्तर प्रदेश सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने फरीदपुर तहसील में तैनात चकबंदी कानूनगो को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी किसान से जमीन की पैमाइश के नाम पर घूस मांग रहा था।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला को बुधवार शाम करीब 5:22 बजे फतेहगंज पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के पास बिलपुर स्टेशन के नजदीक ट्रैप कर पकड़ा गया। यह कार्रवाई एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम ने पहले से योजना बनाकर जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रुपये लिए, उसे तुरंत दबोच लिया।पूरा मामला ग्राम खजुरिया निवासी राजीव पुत्र मनवीर की शिकायत पर आधारित है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी जमीन की नाप-तौल करने के बदले कानूनगो लगातार 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोतवाली बरेली लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई की उच्च अधिकारियों ने सराहना की है और साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Tags:    

Similar News