Bareilly News: बरेली में निजी स्कूलों पर सख्ती: फीस वृद्धि 5% तक सीमित, अभिभावकों को बड़ी राहत
Bareilly News: बरेली में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निजी स्कूलों की फीस वृद्धि को 5 प्रतिशत तक सीमित कर दिया गया है।
Bareilly News
Bareilly News: जिले के अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक में निजी स्कूलों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। नए नियम शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होंगे।
समिति ने साफ किया है कि अब कोई भी निजी स्कूल फीस में 5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि नहीं कर सकेगा। इससे अभिभावकों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा स्कूल अब छात्रों के अभिभावकों को किसी एक निश्चित दुकान से किताबें, यूनिफॉर्म या अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकेंगे। अभिभावक अपनी सुविधा और बजट के अनुसार कहीं से भी खरीदारी कर सकेंगे।किताबों को लेकर भी अहम निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों को NCERT की पुस्तकों को प्राथमिकता देने को कहा गया है। वहीं यूनिफॉर्म में बार-बार बदलाव पर रोक लगाते हुए स्पष्ट किया गया है कि अगले पांच वर्षों तक ड्रेस नहीं बदली जाएगी। यदि कोई बदलाव करना आवश्यक हो, तो इसके लिए समिति से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों को प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से 60 दिन पहले अपनी फीस का पूरा विवरण वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर जारी करना होगा। साथ ही इसकी प्रति जिला विद्यालय निरीक्षक को भी उपलब्ध करानी होगी। फीस भुगतान किस्तों में लेने की सुविधा भी देना अनिवार्य होगा।नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पहली बार एक लाख रुपये, दूसरी बार पांच लाख रुपये का जुर्माना और तीसरी बार मान्यता रद्द करने की सिफारिश की जाएगी।