Bareilly News: बरेली मुठभेड़ में शातिर गौकश वसीम अहमद घायल, अवैध तमंचा बरामद

Bareilly News: बरेली के बारादरी क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान शातिर गौकश वसीम अहमद घायल हुआ। आरोपी से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद, 14 मुकदमे दर्ज।

Update:2026-05-05 12:47 IST

Bareilly News: थाना बारादरी क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और एक शातिर गौकश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार, 5 मई की रात करीब 2 बजे बारादरी थाना पुलिस टीम हारुनगला-भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भरतौल की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और दिशा बदलकर तेजी से आगे बढ़ने लगा।

शक होने पर पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका। जब पुलिस ने उसका पीछा किया, तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर दो राउंड फायर कर दिए और भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम वसीम अहमद (34 वर्ष), निवासी सेमलखेड़ा, थाना बारादरी, बरेली बताया। पुलिस के अनुसार, वह एक शातिर गौकश है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से ही गौकशी, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम समेत बरेली और शाहजहांपुर जिलों में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। इस मुठभेड़ के संबंध में थाना बारादरी में मुकदमा संख्या 541/26 के तहत धारा 109 बीएनएस और 3/25/27 आयुध अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News