Bareilly News: टेम्पो की छत पर रखे बैग से जेवरात-नकदी चोरी, एसएसपी के आदेश पर केस दर्ज

Bareilly News: बरेली के मीरगंज में टेम्पो की छत पर रखे बैग से जेवरात और नकदी चोरी मामले में एसएसपी के निर्देश पर एक माह बाद मुकदमा दर्ज हुआ।

Update:2026-07-29 20:55 IST

Bareilly News

Bareilly News: बरेली मीरगंज क्षेत्र में टेम्पो यात्रा के दौरान एक महिला के बैग से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के करीब एक माह बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर मीरगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, थाना शाही क्षेत्र के ग्राम खजुरिया निवासी मीना वती पत्नी अरविंद कुमार 18 जून 2026 को दोपहर लगभग चार बजे धनेटा फाटक स्थित नले अड्डे से टेम्पो संख्या UP 25 CT 6399 में सवार हुई थीं। आरोप है कि टेम्पो चालक नन्हे पुत्र बांके लाल निवासी बसंतपुर, सिरौली ने उनके विरोध के बावजूद उनका बैग टेम्पो की छत पर रखवा दिया।

पीड़िता ने बताया कि बैग में सोने का टीका, सोने की बेसरी, चांदी की तगड़ी, चांदी का कछुआ, चाबी का गुच्छा, परिबंध सहित अन्य चांदी के आभूषण और ₹5000 नकद रखे हुए थे। यात्रा के दौरान चालक ने रास्ते में दो अन्य सवारियां भी बैठाईं। हरहुरी अड्डे पर उतरने के बाद जब वह घर पहुंचीं और बैग की जांच की तो उसमें रखे सभी कीमती जेवरात और नकदी गायब मिले।

घटना के बाद महिला ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने थाना मीरगंज में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।मीरगंज इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। टेम्पो चालक सहित सभी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News