Bareilly News: सावन और कांवड़ यात्रा तैयारियों की समीक्षा करेंगे मुख्य सचिव और DGP
Bareilly News: बरेली में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण नौ जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
सावन और कांवड़ यात्रा तैयारियों की समीक्षा करेंगे मुख्य सचिव और DGP (Photo- Newstrack)
Bareilly News: बरेली में सावन माह और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश के मुख्य सचिव एस पी गोयल और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण आज सर्किट हाउस में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में बरेली और मुरादाबाद मंडल के कुल नौ जनपदों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। बैठक के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारी कांवड़ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं और कानून व्यवस्था की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करेंगे।
दोनों मंडलों के वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे मौजूद
बैठक में दोनों मंडलों के कमिश्नर, एडीजी, आईजी और डीआईजी के अलावा बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, रामपुर और संभल के जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक मौजूद रहेंगे। अधिकारियों से कांवड़ यात्रा मार्गों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं, साफ सफाई और कानून व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली जाएगी।
जिला प्रशासन ने पहले से संभाली तैयारियों की कमान
मुख्य सचिव और डीजीपी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। बुधवार को एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा और एसडीएम सदर इशिता किशोर ने सर्किट हाउस पहुंचकर नए सभागार का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बैठक की व्यवस्थाओं, मंच संयोजन और अति विशिष्ट कक्ष का भी जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए, ताकि बैठक का आयोजन सुचारु रूप से किया जा सके।
स्वागत और भोजन व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान
वरिष्ठ अधिकारियों के स्वागत और बैठक व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं। सर्किट हाउस के पुराने भवन में भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए जिले के प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट के अनुभवी खानसामों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित हो सकें।
बुकलेट और पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए दी जाएगी जानकारी
जिला प्रशासन ने सावन माह और कांवड़ यात्रा की तैयारियों से संबंधित एक विशेष बुकलेट भी तैयार की है। बैठक के दौरान इस बुकलेट के माध्यम से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाएगी। इसके साथ ही पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और जनसुविधाओं से जुड़ी तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा।