Bareilly News: व्यापारी एकता का प्रदर्शन, शपथ ग्रहण समारोह में जुटे कारोबारी नेता
Bareilly News: बरेली में व्यापारी सम्मेलन और शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेशभर के कारोबारी नेता जुटे, संगठन की मजबूती और हितों पर हुई चर्चा
Bareilly News
Bareilly News: उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश (पंजी.) जनपद बरेली के तत्वावधान में गुरुवार को चौपला रोड स्थित होटल अजन्ता एवं रॉयल पटियाला में शपथ ग्रहण समारोह एवं व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए व्यापारी नेताओं और स्थानीय व्यापारियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
सम्मेलन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अकरम खान और जिला महामंत्री कमल गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों, संगठन की मजबूती और व्यापारी हितों की रक्षा को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने व्यापारियों से संगठित रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि एवं संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बिजली, गैस और डीजल के दामों में लगातार वृद्धि का असर व्यापार पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई विभागों में व्यापारी वर्ग को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिसके खिलाफ संगठन मजबूती से आवाज उठाएगा। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए निष्पक्ष और ईमानदारी से कार्य करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में प्रदेश युवा इकाई के प्रदेश उपाध्यक्ष शोभित भारद्वाज एवं इसरार सिद्दीकी, प्रांतीय कानूनी सलाहकार निशंक अग्रवाल, प्रांतीय संगठन मंत्री सुधीर मित्तल तथा प्रांतीय प्रभारी राजेश शर्मा ने भी अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
शपथ ग्रहण के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने व्यापारी हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में अकरम खान और कमल गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं व्यापारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रदीप कुमार गर्ग, जावेद आलम, तहसीम रजा, राजेश कुमार दीवाकर, मुदित प्रताप सिंह समेत सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।