Bareilly News: विद्यालय की व्यवस्था से नाराज अभिभावक ने एसडीएम से लगाई टीसी दिलाने की गुहार
Bareilly News: बरेली के मीरगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय मेवात की व्यवस्था से असंतुष्ट अभिभावक ने बच्चों का दूसरे विद्यालय में प्रवेश कराने के लिए एसडीएम से टीसी जारी कराने की मांग की।
विद्यालय की व्यवस्था से नाराज अभिभावक ने एसडीएम से लगाई टीसी दिलाने की गुहार (Photo- Newstrack)
Bareilly News: बरेली जनपद के मीरगंज क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय मेवात की कार्यप्रणाली को लेकर एक अभिभावक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। विद्यालय में शैक्षिक व्यवस्था और शिक्षकों के व्यवहार से असंतुष्ट अभिभावक ने अपने बच्चों का नाम विद्यालय से कटवाकर किसी दूसरे परिषदीय विद्यालय में दाखिला कराने का फैसला किया है। इस संबंध में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
तीन बच्चों की टीसी जारी कराने की मांग
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामसुम्मनी नाम की महिला ने उपजिलाधिकारी एवं प्रभारी संपूर्ण समाधान दिवस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनके तीन बच्चे अमृत, अखिलेश और दीपांशु प्राथमिक विद्यालय मेवात में पढ़ते हैं। इनमें अमृत कक्षा पांच का छात्र है, जबकि अखिलेश और दीपांशु कक्षा चार में अध्ययनरत हैं।
पढ़ाई और शिक्षकों के व्यवहार पर लगाए आरोप
महिला का आरोप है कि विद्यालय में पढ़ाई का स्तर संतोषजनक नहीं है। उनका कहना है कि शिक्षकों का व्यवहार भी बच्चों और अभिभावकों के प्रति उचित नहीं है। उन्होंने शिकायत में कहा कि विद्यालय की अव्यवस्थित कार्यप्रणाली के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसी वजह से उन्होंने अपने बच्चों का प्रवेश किसी अन्य परिषदीय विद्यालय में कराने का निर्णय लिया है।
प्रधानाध्यापिका पर टीसी जारी न करने का आरोप
अभिभावक का कहना है कि उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका से कई बार स्थानांतरण प्रमाण पत्र यानी टीसी जारी करने का अनुरोध किया, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। टीसी जारी न होने की वजह से बच्चों का दूसरे विद्यालय में दाखिला भी नहीं हो पा रहा है। इसी कारण उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
प्रशासन ने जांच का दिया भरोसा
महिला ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित प्रधानाध्यापिका को जल्द से जल्द बच्चों की टीसी जारी करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि उनका दूसरे विद्यालय में प्रवेश कराया जा सके। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने शिकायत की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।