Bareilly News: नल नगरिया हाईवे पर कांवड़ियों के लिए भंडारे का शुभारंभ, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
Bareilly News: बरेली के नल नगरिया हाईवे पर सावन माह में कांवड़ियों के लिए विशाल भंडारे का शुभारंभ हवन-पूजन के साथ हुआ। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारे गूंजे।
Bareilly News(Photo-Social Media)
Bareilly News: बरेली पवित्र सावन मास के पावन अवसर पर शिव भक्तों की सेवा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में मीरगंज के नलरिया हाइवे पर कांवड़ियों की सेवा के लिए पूरे सावन माह चलने वाले विशाल भंडारे का भव्य शुभारंभ किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान और सेवा कार्य की शुरुआत विधिवत हवन-पूजन और मंत्रोच्चार के साथ की गई, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग और शिव भक्त सम्मिलित हुए।
शिव कावर सेवा समिति के अथक प्रयासों से हुआ आयोजन
यह पूरा आयोजन और इसकी व्यवस्था 'शिव कावर सेवा समिति' के द्वारा की जा रही है। समिति के सभी सदस्यों के आपसी सहयोग और अथक प्रयासों से हाइवे पर आने-जाने वाले शिव भक्तों के लिए बेहतरीन प्रबंध किए गए हैं। आयोजन की शुरुआत पर समिति से जुड़े सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भगवान शिव की आराधना कर भंडारे का श्रीगणेश किया। समिति द्वारा इस सेवा कार्य में जुटे सभी सहयोगियों और शिव भक्तों का आभार भी व्यक्त किया गया है।
सावन के आखिरी दिन तक जारी रहेगी सेवा
जिला पंचायत सदस्य एवं सेवा समिति के प्रमुख सदस्य निरंजन यदुवंशी ने इस दौरान विशेष जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह भंडारा और सेवा शिविर सावन के आखिरी दिन तक अनवरत रूप से जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि दूर-दराज से कठिन यात्रा तय कर कावड़ लेकर जा रहे शिव भक्तों के लिए यहां खाने-पीने और उनके विश्राम (रुकने) के लिए विशेष और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हाइवे से गुजरने वाले कांवड़िए इस शिविर में विश्राम कर प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। इस आयोजन से पूरे क्षेत्र का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय हो गया है और दूर-दराज से आ रहे शिव भक्तों को इससे बड़ी राहत मिल रही है।