Bareilly News: मीरगंज में घरेलू विवाद हिंसक, महिला से मारपीट के आरोप में एफआईआर दर्ज
Bareilly News: बरेली के मीरगंज क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद महिला से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Bareilly News(Photo-Social Media)
Bareilly News: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक महिला के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नन्दगांव निवासी राजकुमारी पत्नी रवेन्द्र कुमार ने थाना मीरगंज में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि सोमवार 3 अगस्त 2026 को सुबह लगभग 10 बजे घर की सब्जी मंगाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर रवेन्द्र कुमार पुत्र मदन लाल, निवासी ग्राम बह्रौली, थाना मीरगंज ने उन्हें गंदी-गंदी गालियां दीं और लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि मारपीट के दौरान उसे चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे परिवार के अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे बचाया। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और घर से निकाल दिया। घटना के बाद पीड़िता ने थाना मीरगंज पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार तहरीर के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। थाना मीरगंज पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।