Basti News: बस्ती में राज्य मंत्री पर पत्रकार को गोली मारने की धमकी देने का आरोप
Basti News: बस्ती में गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री महेश शुक्ला पर पत्रकार विपिन त्रिपाठी और उनके परिवार को धमकी देने का आरोप लगा है।
Basti News
Basti News: बस्ती में सत्ता की हनक को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। बस्ती में गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री महेश शुक्ला पर मान्यता प्राप्त पत्रकार को गोली मारने और जिंदा दफन करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। जमीन विवाद को लेकर मंत्री अपने समर्थकों के साथ पत्रकार के घर पहुंच गए, जहां जमकर हंगामा और हाथापाई हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित पत्रकार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
बस्ती के कोतवाली थाना क्षेत्र के शिवनगर तुर्कईया मोहल्ले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री महेश शुक्ला अपने समर्थकों के साथ एक पत्रकार के घर पहुंच गए। आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर मंत्री और उनके सहयोगियों ने पत्रकार और उनके परिवार के साथ अभद्रता की, गाली-गलौज की और हाथापाई तक की।पीड़ित मान्यता प्राप्त पत्रकार विपिन त्रिपाठी का आरोप है कि उन्होंने अपने घर के सामने लोगों की सुविधा के लिए रास्ते पर मलबा डलवाया था, ताकि स्थानीय लोगों को कीचड़ से राहत मिल सके। लेकिन इसी बात से नाराज होकर मंत्री महेश शुक्ला अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद शुरू हो गया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे मामले को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। वायरल वीडियो में कथित तौर पर मंत्री महेश शुक्ला पत्रकार को गोली मारने और जिंदा दफन करने जैसी धमकी देते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद जिले में राजनीतिक और पत्रकारिता जगत में हड़कंप मच गया है।पीड़ित परिवार का कहना है कि मंत्री और उनके समर्थकों की धमकियों के बाद पूरा परिवार दहशत में है। पत्रकार के बेटे विवेक त्रिपाठी ने भी आरोप लगाया कि उनके परिवार के साथ मारपीट की गई और खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई।मामला हाई-प्रोफाइल होने के चलते पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है। पीड़ित पत्रकार ने कोतवाली पुलिस को नामजद तहरीर देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच करने की बात कह रही है।