Basti News: बस्ती में पेपर लीक, बिजली कटौती व महंगाई पर सपा का हल्लाबोल, जोरदार प्रदर्शन
Basti News: बस्ती में पेपर लीक, बिजली कटौती और महंगाई को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक महेंद्र नाथ यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
Basti News(Photo-Social Media)
Basti News: बस्ती जनपद में प्रदेश में पेपर लीक, बिजली कटौती और बढ़ती महंगाई को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सपा विधायक महेंद्र नाथ यादव और बस्ती जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता लाल टोपी पहनकर सड़कों पर उतरे और सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और बाद में ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की।
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
प्रदर्शन के दौरान सपा विधायक महेंद्र नाथ यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसा कोई पेपर नहीं बचा है जो लीक न हुआ हो। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक होने से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और युवा वर्ग खुद को ठगा महसूस कर रहा है। महेंद्र नाथ यादव ने कहा कि मेहनत से तैयारी करने वाले छात्रों का भविष्य असुरक्षित हो गया है, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे पर प्रभावी कदम नहीं उठा पा रही है।
बिजली कटौती से जनता परेशान
सपा विधायक ने प्रदेश में हो रही बिजली कटौती को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से आम जनता परेशान है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई इलाकों में ट्रांसफार्मर जल जाने के बाद महीनों तक नहीं बदले जा रहे हैं, जिससे लोगों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
महंगाई और बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दाम पर हमला
महेंद्र नाथ यादव ने कहा कि लगातार डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने से रोजमर्रा की जरूरत के सामान भी महंगे होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पर महंगाई की मार पड़ रही है और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।
गन्ना किसानों और कर्मचारियों के भुगतान का मुद्दा भी उठाया
सपा विधायक ने प्रदर्शन के दौरान किसानों और मिल कर्मचारियों की समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने कहा कि रूधौली मिल ने अब तक गन्ना किसानों का भुगतान नहीं किया है। वहीं वाल्टरगंज मिल पर भी किसानों और कर्मचारियों का वेतन लंबित है। उन्होंने सरकार से जल्द किसानों और कर्मचारियों का बकाया भुगतान कराने की मांग की और कहा कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।