Bijnor News: बिजनौर की सांझ खुराना बनीं मिस ग्रैंड इंडिया 2026 की थर्ड रनरअप, जिले का बढ़ाया मान

Bijnor News: बिजनौर की सांझ खुराना ने नई दिल्ली में आयोजित मिस ग्रैंड इंडिया 2026 प्रतियोगिता में थर्ड रनरअप का खिताब हासिल कर जिले और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया।

Update:2026-05-26 15:35 IST

Bijnor News

Bijnor News: नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में मंगलवार, 12 मई को आयोजित मिस ग्रैंड इंडिया 2026 प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के बिजनौर की सांझ खुराना ने ‘थर्ड रनरअप’ का खिताब हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में देशभर से आई 29 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में तमिलनाडु के चेन्नई की 22 वर्षीय कंप्यूटर साइंस इंजीनियर लक्षिता थिलागराज विजेता रहीं। वहीं मेघालय की तन्वी मारक सेकंड रनरअप बनीं। उत्तर प्रदेश की सांझ खुराना ने थर्ड रनरअप का स्थान प्राप्त किया, जबकि पश्चिम बंगाल की रेशमी देवकोटा फोर्थ रनरअप और सिक्किम की स्नेहा तमांग फिफ्थ रनरअप रहीं।आपको बता दें कि सांझ खुराना, विकास खुराना की पुत्री हैं और जनपद बिजनौर की नई बस्ती की निवासी हैं। उन्होंने बिजनौर के सेंट मेरी स्कूल से 10वीं की शिक्षा प्राप्त की तथा 12वीं की पढ़ाई डीएलएफ पब्लिक स्कूल, साहिबाबाद से पूरी की। इसके बाद उन्होंने सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। करियर बनाने के उद्देश्य से उन्होंने वर्ष 2025 में मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा।

सांझ खुराना ने पहली बार मिस ग्रैंड इंडिया 2026 प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अंतिम प्रश्नोत्तर दौर में उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बेहद जरूरी है, क्योंकि जब तक सुरक्षा चिंता का विषय बनी रहेगी, तब तक महिलाओं का सशक्तिकरण भी प्रभावित होता रहेगा।7 मई से 12 मई तक चले इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की प्रतिभागियों ने प्रतिभा प्रदर्शन, स्विमसूट राउंड, राष्ट्रीय पोशाक प्रतियोगिता और बॉलीवुड थीम आधारित भव्य समारोह सहित कई चरणों में हिस्सा लिया।


Tags:    

Similar News