Bijnor News: पति के साथ बाइक से जा रही महिला ने गंगा में लगाई छलांग, तलाश जारी
Bijnor News: बालावाली पुल पर अचानक नदी में कूदी महिला, तेज बहाव के चलते तलाश में दिक्कत, पुलिस और स्थानीय लोग लगातार खोजबीन में जुटे।
पति के साथ बाइक से जा रही महिला ने गंगा में लगाई छलांग, तलाश जारी (Photo- Newstrack)
Bijnor News: बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक महिला ने बालावाली पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। वह अपने पति के साथ बाइक से हरिद्वार जा रही थी। पति कुछ समझ पाता, इससे पहले ही महिला ने पुल से नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
मंडावर थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव निवासी बांबी पुत्र श्रीषिपाल हरिद्वार में काम करता है। उसकी शादी बढ़ापुर थाना क्षेत्र के अलीवाला गांव निवासी वसू की बेटी मोंटी से हुई थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच कुछ समय से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी।
बुधवार सुबह बांबी पत्नी मोंटी के साथ अपने गांव आया था। दोपहर करीब ढाई बजे वह बाइक से मोंटी को लेकर हरिद्वार लौट रहा था। बालावाली पुल के बीच में पहुंचने पर बांबी की चप्पल निकल गई। उसने बाइक रोककर चप्पल उठाने की कोशिश की। इसी दौरान मोंटी अचानक पुल से गंगा नदी में कूद गई।
अचानक हुई घटना से बांबी घबरा गया। उसने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों को जानकारी दी। कुछ ही देर में पुल पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने महिला को नदी में तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
सूचना मिलने पर मंडावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गंगा में महिला की तलाश शुरू की। नदी में तेज बहाव और जलस्तर अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में परेशानी आ रही है।
पुलिस महिला के परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पति-पत्नी के बीच चल रही अनबन को महिला के इस कदम से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश लगातार जारी है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।