Bijnor News: बाइक के पीछे दौड़ा गुलदार, VIDEO ने उड़ाई नींद! ग्रामीणों ने मांगा पिंजरा

Bijnor News: बिजनौर के करणपुर में बाइक के पीछे दौड़ते गुलदार का वीडियो वायरल होने से ग्रामीणों में दहशत है, वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की गई।

Update:2026-08-13 10:34 IST

Bijnor News

Bijnor News: जिले में गुलदार की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। हल्दौर क्षेत्र के करणपुर गांव में रात के समय एक गुलदार सड़क पर बाइक के पीछे दौड़ता हुआ दिखाई दिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने गुलदार का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वीडियो सामने आने के बाद करणपुर और आसपास के गांवों में लोगों के बीच डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए जल्द पिंजरा लगाने की मांग की है।

बाइक का पीछा करता नजर आया गुलदार

करणपुर क्षेत्र में रात के समय एक बाइक सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क पर गुलदार दिखाई दिया। गुलदार कुछ दूरी तक बाइक के पीछे दौड़ता रहा। अचानक गुलदार को सड़क पर देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में गुलदार बाइक के पीछे दौड़ता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में गुलदार को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

लगातार सामने आ रही गुलदार की घटनाएं

बिजनौर जिले में पिछले काफी समय से गुलदार की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। गुलदार खेतों, जंगलों और आबादी वाले इलाकों के आसपास दिखाई दे रहे हैं। कई घटनाओं में गुलदारों के इंसानों और पशुओं पर हमला करने की जानकारी भी सामने आई है।गुलदार की मौजूदगी के कारण किसान अकेले खेतों पर जाने से बच रहे हैं। ग्रामीणों को खासकर रात और सुबह के समय घर से बाहर निकलने में डर लग रहा है।

120 से ज्यादा पिंजरे लगाए गए

गुलदारों को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिले में अब तक 120 से अधिक पिंजरे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा ग्रामीणों को गुलदार से बचाव के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व की टीम भी पिछले कई दिनों से गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही है। टीम नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को गुलदार से बचने और सावधानी बरतने की जानकारी दे रही है।

इस्लामपुर बेगा में घर में घुसा था गुलदार

हाल ही में मंगलवार रात कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ग्राम इस्लामपुर बेगा में भी गुलदार दिखाई दिया था। गुलदार सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था।इसके बाद बुधवार सुबह करीब 3 बजे गुलदार गांव के ही सुरेंद्र चौधरी के घर में घुस गया। यहां उसने एक कुत्ते पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घर में गुलदार घुसने की सूचना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

अब करणपुर में बाइक के पीछे दौड़ते गुलदार का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि गुलदार की लगातार बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाने और पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की जरूरत है।

Tags:    

Similar News